फोटो गैलरी

Hindi Newsजाट आंदोलन: हिंसा और कर्फ्यू के बीच 16 लोगों की मौत, मालगाड़ी फूंकी

जाट आंदोलन: हिंसा और कर्फ्यू के बीच 16 लोगों की मौत, मालगाड़ी फूंकी

आरक्षण दिए जाने के केंद्र सरकार के आश्वासन के बाद भी हरियाणा में हालात खराब बने हुए हैं। सोमवार को सोनीपत में सेना की गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 15 अन्य के घायल होने की खबर है। राज्य में...

जाट आंदोलन: हिंसा और कर्फ्यू के बीच 16 लोगों की मौत, मालगाड़ी फूंकी
एजेंसीMon, 22 Feb 2016 06:41 PM
ऐप पर पढ़ें

आरक्षण दिए जाने के केंद्र सरकार के आश्वासन के बाद भी हरियाणा में हालात खराब बने हुए हैं। सोमवार को सोनीपत में सेना की गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 15 अन्य के घायल होने की खबर है। राज्य में अब तक 16 की जान जा चुकी है। प्रदेश में कई अन्य स्थानों पर भी हिंसा हुई। हालांकि कई इलाकों में हालात सामान्य हो रहे हैं। केंद्र सरकार ने सड़क और रेल मार्गों से अवरोधकों को हटाने के लिए सुरक्षा बलों को बल प्रयोग का निर्देश दिया है।

सेना से भिड़े ग्रामीण
सोनीपत के लडसोली गांव में ग्रामीणों और सेना के बीच संघर्ष हुआ। यह संघर्ष राष्ट्रीय राजमार्ग-1 को खाली कराने के दौरान हुआ। सेना ने उपद्रवियों पर नियंत्रण के लिए गोलीबारी की।

आगजनी
गन्नौर में प्रदर्शनकारियों ने एक मालगाड़ी को आग के हवाले कर दिया। वहीं महम में उपद्रवियों ने एसडीएम के साथ बदसलूकी और उनकी गाड़ी फूंक दी। साथ ही कुछ दुकानों में भी आगजनी की कोशिश की गई। सोनीपत में भी छह वाहनों में आग लगा दी गई। कैथल के सेंटर प्वाइंट पदमा सिटी में तोड़फोड़ की गई। आंदोलन के मुख्य केंद्र रोहतक में भी स्थिति तानवपूर्ण बनी हुई है।

कुछ मार्ग खोले गए
सेना और पुलिस की मदद से दिल्ली-चंडीगढ़ और दिल्ली-जयपुर रेलवे लाइन से आंदोलनकारियों के कब्जे को हटाया जा चुका है। दिल्ली-जयपुर और दिल्ली-मथुरा राजमार्गों को यातायात के लिए खोल दिया गया है।

ये मार्ग बंद
जाटों ने रोहतक, हिसार और भिवानी जिलों समेत कुछ मार्गों को अभी भी बंद किया हुआ है। हिसार से दिल्ली, चंडीगढ़, सिरसा और भिवानी समेत विभिन्न गंतव्यों को जाने वाले विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य के राजमार्ग पर सड़क यातायात ठप है।

लिखित में चाहिए आश्वासन
आंदोलन खत्म करने को लेकर जाट बंट गए हैं। जहां कुछ आंदोलन खत्म कर वापस लौट रहे हैं तो कुछ अभी सड़कों पर जमा हुए हैं। ये प्रदर्शनकारी लिखित में आश्वासन दिए जाने की मांग कर रहे हैं।

विशेष ट्रेन
फंसे हुए यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने सोमवार शाम चार बजे चडीगढ़ से दिल्ली के लिए विशेष ट्रेन चलाई। यह ट्रेन चंडीगढ़ से दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन के बीच चलेगी और इसे अंबाला से सहारनपुर के रास्ते राष्ट्रीय राजधानी भेजा जाएगा। साथ ही रेलवे रद्द ट्रेनों के लिए यात्रियों को पूरा पैसा वापस करेगा।

मुनक नहर से आपूर्ति शुरू
हरियाणा सरकार में मंत्री रामबिलास शर्मा ने बताया कि  सोमवार तड़के ढाई बजे दिल्ली के लिए मुनक नहर से पानी की आपूर्ति बहाल कर दी गई। मुनक नहर के फाटकों को थोड़ा नुकसान पहुंचाया गया है। इसे एक-दो दिन में ठीक कर चालू कर दिया जाएगा।

राजस्थान पहुंची आग
जाट आरक्षण की आंदोलन की आंच राजस्थान के भरतपुर तक पहुंच गई है। यहां प्रदर्शनकारियों ने दो बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही रेल और सड़क मार्ग को रोक दिया। जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। सीएम वसुंधरा राजे ने भरतपुर और धोलपुर के जाट समुदाय से शांति की अपील की है।

हुड्डा को अनुमति नहीं मिली
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जाट आंदोलन को देखते हुए रोहतक जाने की अनुमति नहीं दी गई। उन्हें झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में रोक लिया गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें