फोटो गैलरी

Hindi Newsशताब्दी से महज छह मिनट पहले आगरा पहुंचाएगी गतिमान एक्सप्रेस

शताब्दी से महज छह मिनट पहले आगरा पहुंचाएगी गतिमान एक्सप्रेस

देश की सबसे तेज दौड़ने वाली गतिमान एक्सप्रेस आज से पटरी पर होगी। रेलवे ने इस ट्रेन को 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलाकर दिल्ली से आगरा की दूरी 100 मिनट में तय करने का लक्ष्य रखा है, मगर इसी ट्रैक...

शताब्दी से महज छह मिनट पहले आगरा पहुंचाएगी गतिमान एक्सप्रेस
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 05 Apr 2016 08:36 AM
ऐप पर पढ़ें

देश की सबसे तेज दौड़ने वाली गतिमान एक्सप्रेस आज से पटरी पर होगी। रेलवे ने इस ट्रेन को 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलाकर दिल्ली से आगरा की दूरी 100 मिनट में तय करने का लक्ष्य रखा है, मगर इसी ट्रैक पर अब तक सबसे अधिक गति से चलने वाली भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस के सापेक्ष इस लक्ष्य में कोई खास अंतर नहीं है। भोपाल शताब्दी जितने समय में दिल्ली से आगरा का सफर कराती है, उससे महज छह मिनट पहले गतिमान एक्सप्रेस दिल्ली-आगरा के बीच की दूरी तय कर पाएगी।

गतिमान एक्सप्रेस की दिल्ली से आगरा के बीच अलग-अलग स्टेशनों पर ट्रेन की स्पीड और उसके समय को लेकर ‘हिन्दुस्तान’ ने सोमवार को पड़ताल की तो यह बात सामने आई। दरअसल, अभी तक देश में सबसे तेज चलने वाली ट्रेन नई दिल्ली-भोपाल शताब्दी (12002-12001) को नई दिल्ली से आगरा कैंट स्टेशन पर आने में रेलवे ने 117 मिनट का समय निर्धारित किया हुआ है। यह ट्रेन सुबह 6 बजे नई दिल्ली स्टेशन से चलती है और सुबह 7.57 बजे आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंचती है।

भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस नई दिल्ली स्टेशन से निजामुद्दीन स्टेशन तक आने में हर दिन औसतन 10 मिनट का समय लेती है। चूंकि गतिमान एक्सप्रेस निजामुद्दीन से चलेगी, इसलिए यह समय कम करने पर निजामुद्दीन स्टेशन से आगरा कैंट स्टेशन की दूरी तय करने का समय 107 मिनट रह जाता है। इसके बाद यह ट्रेन मथुरा स्टेशन पर आकर एक मिनट का ठहराव (सुबह 7.23 बजे-7.24 बजे) लेती है। अगर इस ठहराव का समय भी कम कर दें तो निजामुद्दीन से आगरा कैंट स्टेशन की दूरी तय करने का समय 106 मिनट ही रह जाता है।

वहीं गतिमान एक्सप्रेस निजामुद्दीन स्टेशन से आगरा कैंट स्टेशन तक आने में 100 मिनट (08.10 बजे-09.50 बजे) का समय लेगी। इस लिहाज से गतिमान एक्सप्रेस भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस से महज छह मिनट पहले ही दिल्ली (निजामुद्दीन) से आगरा तक की दूरी तय कर पाएगी।

90 मिनट का ख्वाब अधूरा

रेलवे गतिमान एक्सप्रेस से दिल्ली से आगरा के बीच 90 मिनट मे सफर पूरा करने का ख्वाब पूरा नहीं कर पाया। रेलवे को इस ट्रेन के संचालन को लेकर समय भी बढ़ाकर 100 मिनट करना पड़ा और दूरी भी घटानी पड़ी। पहले टे्रन को नई दिल्ली से चलाया जाना था, मगर अब यह निजामुद्दीन से चलेगी।

गतिमान एक नजर में

- 160 किमी प्रति घंटा की गति से चलेगी।
- 113 किमी प्रति घंटा औसतन गति रहेगी।
- 188 किमी निजामुद्दीन से आगरा तक दूरी तय करेगी।
- अक्टूबर-2014 में ट्रेन संचालन के लिए सीआरएस के यहां आवेदन किया गया था।
- जून-2015 में ट्रेन को गतिमान नाम मिला, समय और ट्रेन नंबर एलॉट किया गया।
- डेढ़ साल में अब तक सात बार हो चुके हैं ट्रायल।

1988 में शुरू हुई थी शताब्दी एक्सप्रेस

रेलवे के इतिहास में मंगलवार को देश की सबसे तेज दौड़ने वाली ट्रेन की शुरुआत हो रही है। इससे पहले सबसे अधिक गति से चलने वाली भोपाल शताब्दी की शुरुआत रेलवे ने 14 नवंबर, 1988 को की थी। खास बात यह है कि यह ट्रेन भी दिल्ली-आगरा रूट पर शुरू हुई थी और गतिमान भी इसी ट्रैक पर शुरू होगी। भोपाल शताब्दी को पहले दिल्ली से आगरा होते हुए झांसी स्टेशन तक चलाया गया था, बाद में यह ट्रेन भोपाल और फिर हबीबगंज स्टेशन तक बढ़ा दी गई। इस ट्रेन की रफ्तार 155 किमी प्रति घंटा और औसतन गति 89 किमी प्रति घंटा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें