राज्यसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, राजनाथ और नायडू ने कांग्रेस पर साधा निशाना
राजग के सांसद कांग्रेस द्वारा संसद बाधित किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा के राजग नेताओं के साथ बैठक की। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और एम वेंकैया नायडू ने संसद में...

राजग के सांसद कांग्रेस द्वारा संसद बाधित किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा के राजग नेताओं के साथ बैठक की। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और एम वेंकैया नायडू ने संसद में कामकाज को बाधित करने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा है।
वहीं, संसद के मानसून सत्र के आज अंतिम दिन राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गयी। सभापति डॉक्टर हामिद अंसारी ने बारह बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर राज्यसभा के 236वें सत्र के समापन की घोषणा की। इसके बाद राष्ट्रगान और वन्दे मातरम की धुन बजायी गई और इसके साथ ही सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई।
21 जुलाई से शुरू हुए संसद के मानसून सत्र में ललित मोदी प्रकरण में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तथा राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा व्यापम घोटाले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इस्तीफे की मांग पर अडे विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा में कोई कामकाज नहीं हुआ और सदन की कार्यवाही लगातार ठप रही। आज अंतिम दिन सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर तीन सदस्यों को उनका कार्यकाल पूरा होने पर विदाई दी गयी। इनमें कांग्रेस के पी कानन और दो मनोनीत सदस्य एच के दुआ तथा डॉक्टर अशोक गांगुली शामिल है।