फोटो गैलरी

Hindi Newsबाढ़ राहत राशि से वंचित पीडि़तों ने दिया महाधरना

बाढ़ राहत राशि से वंचित पीडि़तों ने दिया महाधरना

समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी प्रखंड में बाढ़ राहत राशि अब तक नहीं मिलने से आक्रोशित पीड़ित परिवारों ने मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय पर महाधरना देकर रोष जताया। बाढ़ राहत राशि के वितरण में अनियमितता...

बाढ़ राहत राशि से वंचित पीडि़तों ने दिया महाधरना
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 17 Jan 2017 08:00 PM
ऐप पर पढ़ें

समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी प्रखंड में बाढ़ राहत राशि अब तक नहीं मिलने से आक्रोशित पीड़ित परिवारों ने मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय पर महाधरना देकर रोष जताया। बाढ़ राहत राशि के वितरण में अनियमितता एवं अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी राशि भुगतान संबंधी ठोस पहल नहीं किये जाने के कारण उनमें काफी आक्रोश है। ताराधमौन के मुखिया प्रवीण कुमार राय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बाढ़ पीड़ितों ने अधिकारियों के खिलाफ जमकर नरेबाजी की। बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि पटोरी प्रखंड की जिन पंचायतों में गंगा या वाया नदी से बाढ़ आयी थी, उन पंचायतों के सैकड़ों बाढ़ पीड़ितों के नाम राहत राशि के लिए तैयार की गई सूची से विलोपित कर दिए गए हैं। दूसरी ओर सैकड़ों ऐसे परिवारों के नाम सूची में शामिल कर राहत राशि दी गई है, जो बाढ़ से प्रभावित नहीं थे।

इससे पूर्व 9 जनवरी को भी उन्होंने प्रखंड परिसर में धरना एवं भूख हड़ताल की थी। बाद में एसडीओ राजेश कुमार के निर्देश पर बीडीओ राजेश्वर राम ने उन्हें आश्वास्त किया ञञथा कि 13 जनवरी को प्रखंड परिसर में बैठकर इस समस्या का समाधान किया जाएगा तथा जिन पंचायतों से बाढ़ राहत राशि दिये जाने में लापरवाही की शिकायत मिल रही है, वहां जांच करायी जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद बाढ़ पीड़ितों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था, परन्तु अधिकारियों ने उनसे वार्ता नहीं की। इसके कारण बाढ़ पीड़ित परिवार परेशान हैं और राहत राशि के लिए दर-दर की ठोकर खा रहे हैं। इतना ही नहीं अब तक अधिकारियों ने बाढ़ पीड़ित नहीं रहते हुए भी राहत राशि दिए जाने की भी जांच शुरू नहीं की है।

इस संबंध में पूछे जाने पर एसडीओ राजेश कुमार ने बताया कि व्यस्तता के कारण सीओ की वार्ता बाढ़ पीड़ितों से नहीं हो सकी। सीओ बाढ़ पीड़ितों से वार्ता कर उनकी समस्याओं को निष्पादित करेंगे। मौके पर प्रखंड प्रमुख सुमित्रा यादव, संतोष यादव, मुखिया नवीता कुमारी, अनीता देवी, सरोज देवी, प्रमोद राय, इं. ब्रजेश कुमार, प्रेमचंद्र चौधरी, जवाहर चौधरी, किरण देवी, मोहन ठाकुर, जितेन्द्र राय, संजीत कुमार सहित हसनपुर सूरत, उत्तरी धमौन, दक्षिणी धमौन, इनायतपुर, हरपुर सैदाबाद, हेत्तनपुर, ताराधमौन, चकसाहो, चकसलेम, रूपौली, इमनसराय, शिउरा आदि पंचायत के बाढ़ पीड़ित व पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें