फोटो गैलरी

Hindi Newsहिंदी फिल्मों में भी दिखती है गणेश उत्सव की धूम

हिंदी फिल्मों में भी दिखती है गणेश उत्सव की धूम

गणेश चतुर्थी उन चंद त्योहारों में से एक है जिसे हिन्दी फिल्मों में बड़े धूमधाम से दिखाया जाता रहा है। देश के विभिन्न भागों और खासकर महाराष्ट्र में गणेश चतुर्थी काफी उत्साह और धूमधाम से मनाया जाता है।...

हिंदी फिल्मों में भी दिखती है गणेश उत्सव की धूम
एजेंसीThu, 17 Sep 2015 08:18 PM
ऐप पर पढ़ें

गणेश चतुर्थी उन चंद त्योहारों में से एक है जिसे हिन्दी फिल्मों में बड़े धूमधाम से दिखाया जाता रहा है। देश के विभिन्न भागों और खासकर महाराष्ट्र में गणेश चतुर्थी काफी उत्साह और धूमधाम से मनाया जाता है। भगवान गणेश के आगमन से लेकर उनकी विदाई तक श्रद्धालु पूरे भक्ति भाव से उनकी पूजा अर्चना करते हैं। बॉलीवुड के फिल्मकार प्रथम पूज्य गणेशजी के आगमन और विदाई दोनों को बेहद ही खूबसूरत अंदाज में दिल को छू देने वाले गीतों के साथ पेश करते रहे हैं।
       
निर्माता निर्देशक दादा साहब फाल्के की वर्ष 1925 में प्रदर्शित फिल्म 'गणेश उत्सव' संभवत: ऐसी पहली फिल्म थी जिसमें भगवान गणेश की महिमा को रुपहले पर्दे पर पेश किया गया था। वर्ष 1936 में प्रदर्शित फिल्म  'पुजारिन' में भी भगवान गणेश पर आधारित गीत और दृष्य रखे गए थे। तिमिर वरन के संगीत निर्देशन में बनी फिल्म का यह गीत 'हो गणपति बप्पा मोरया' आज भी श्रोताओं को भाव विभोर कर देता है और महाराष्ट्र में तो इन दिनों सभी जगह इसकी गूंज सुनाई दे रही है।

70 के दशक में भगवान गणेश की महिमा का वर्णन करते हुए कई फिल्मों का निर्माण किया गया। इनमें वर्ष 1977 में प्रदर्शित फिल्म 'जय गणेश' प्रमुख है। एस.एन.त्रिपाठी के संगीत निर्देशन में गायिका सुषमा श्रेष्ठ और पूर्णिमा की आवाज में रचे बसे गीत 'जय गणेश जग गणेश जय गणेश देवा माता जाकी पार्वती पिता महादेवा' में गणेश भगवान की महिमा का गुनगान किया गया है।
        
अस्सी के दशक में भी गीतकारों ने कुछ फिल्मों में भगवान गणेश पर आधारित गीतों की रचना की इनमें वर्ष 1981 में मिथुन चक्रवर्ती की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'हम से बढ़कर कौन' उल्लेखनीय है। मोहम्मद रफी और
किशोर कुमार की युगल आवाज में रचा बसा युगल गीत 'देवा हो देवा गणपति देवा' गणपति गीतों में अपना विशिष्ट मुकाम रखता है। अब तो इस गीत के बिना गणपति गीतों की कल्पना ही नहीं की जा सकती है।
       
वर्ष 1990 में प्रदर्शित फिल्म 'अग्निपथ' में भी गणेश चतुर्थी उत्सव को धूमधाम से दिखाया गया था। अमिताभ बच्चन अभिनीत इस फिल्म में सुदेश भोंसले और कविता कृष्णामूर्ति की आवाज में भगवान गणेश की विदाई को दर्शाता गीत 'गणपति अपने गांव चले कैसे हमलों चैन पडे' श्रोताओं के दिल पर अपनी अमिट छाप छोड़ गया है।

90 के दशक में ही प्रदर्शित फिल्म 'वास्तव' में भी भगवान गणेश के उत्सव को रुपहले पर्दे पर पेश किया गया। इस फिल्म में जतिन ललित के संगीत निर्देशन में रवीन्द्र साठे की आवाज में गीतकार समीर द्वारा रचित आरती 'जय देव जय देव' में भगवान श्री गणेश की महिमा का वर्णन किया गया है।
        
वर्ष 2006 में अरसे बाद शाहरुख खान अभिनीत फिल्म 'डॉन' में भी गणेश जी पर आधारित गीत सुनने को मिला जिसे श्रोताओं ने काफी पसंद किया। वर्ष 2007 में बच्चों पर आधारित फिल्म 'माई फ्रेंड गणेशा' और 'बाल गणेशा' का निर्माण किया गया जो बच्चों के साथ ही युवाओं में भी काफी लोकप्रिय हुआ। इस फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसी तथ्य से लगाया जा सकता है कि कई बच्चे अपने आप को 'गणेश' समझने लगे।
        
बॉलीवुड के फिल्मकार अपनी फिल्मों में गणेश चतुर्थी के उत्सव को मनाते आये है। ऐसी फिल्मों में श्री गणेश जन्म 'श्री गणेश महिमा', 'श्री गणेश विवाह', 'गणेश चतुर्थी', 'श्री गणेश', 'सागर संगम', 'गंगा सागर', 'जय द्वारकाधीश', 'घर में राम गली में श्याम', 'कालचक्र', 'साहस', 'श्री गणेश महिमा', 'जलजला', 'हम पांच', 'आज की आवाज', 'अंकुश', 'टक्कर', 'दर्द का रिश्ता', 'मरते दम तक', 'इलाका' आदि फिल्में शामिल हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें