फोटो गैलरी

Hindi Newsalka yagnik birthday special

B'DAY SPECIAL: जन्मदिन पर पढ़े खास बातें और सुनें अलका याज्ञनिक के टॉप गाने

बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध पार्श्वगायिका अलका याज्ञनिक 20 मार्च 2016 को आपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं। अलका ने अपने करियर की शुरुआत आकाशवाणी कोलकाता से की थी।       ...

B'DAY SPECIAL: जन्मदिन पर पढ़े खास बातें और सुनें अलका याज्ञनिक के टॉप गाने
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 20 Mar 2016 01:46 PM
ऐप पर पढ़ें

बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध पार्श्वगायिका अलका याज्ञनिक 20 मार्च 2016 को आपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं। अलका ने अपने करियर की शुरुआत आकाशवाणी कोलकाता से की थी।
        
कोलकाता के मध्यम वर्गीय गुजराती परिवार जन्मीं अलका आज शोहरत की बुलंदियों तक पहुंच गईं हैं। उनकी मां शुभा याज्ञनिक शास्त्रीय संगीत गायिका थी। घर में संगीत का माहौल होने के कारण अलका की रूचि भी संगीत की ओर हो गयी और वह महज छह वर्ष की उम्र से ही अपनी मां से संगीत की शिक्षा लेने लगीं।
        
अलका ने पार्श्वगायिका के रूप में अपने करियर की शुरुआत महज छह वर्ष की उम्र में कोलकाता आकाशवाणी से की जहां वह भजन गाया करती थीं। जब वह महज 10 वर्ष की थीं तभी उनकी मां उन्हें लेकर मुंबई आ गईं। जहां उनकी मुलाकात महान निर्माता निर्देशक राजकपूर से हुई।
       
राजकपूर ने अलका के गाने से प्रभावित होकर उन्हें संगीतकार लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल से मिलने की सलाह दी। लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल भी अलका के पार्श्वगायन से काफी प्रभावित हुए और उनसे कहा कि अभी उनकी उम्र अभी काफी कम है। वह अभी बतौर डबिंग कलाकर काम कर ले बाद में वयस्क होने पर वे उन्हें पार्श्वगायिका के रूप में काम करने का मौका देंगे।

अलका ने पार्श्वगायिका के रूप में अपने सिने करियर की शुरूआत 1979 में प्रदर्शित फिल्म 'पायल की झंकार' से की। इस फिल्म में उन्हें एक गीत की कुछ पंक्तियां गाने का अवसर मिला। इसके बाद उन्हें फिल्म 'हमारी बहू अलका' में भी पार्श्वगायन का अवसर मिला लेकिन कमजोर पटकथा और दोयम दर्जे के संगीत के कारण यह फिल्म टिकट खिड़की पर असफल साबित हुई।
       
लगभग दो साल तक मुंबई में रहने के बाद अलका पार्श्वगायिका बनने के लिये संघर्ष करने लगी। आश्वासन तो सभी देते लेकिन उन्हें काम करने का अवसर कोई नही देता था। इस बीच अलका को 1981 में प्रदर्शित फिल्म 'लावारिस' में पार्श्वगायन का मौका मिला।
         
अमिताभ बच्चन अभिनीत इस फिल्म में उन्होंने 'मेरे अंगने में तुमहारा क्या काम है' गीत गाया जो श्रोताओं के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। इस गीत की सफलता के बाद अलका पार्श्वगायिका के रूप में कुछ हद तक अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो गई लेकिन उन्हें अब तक वह मुकाम हासिल नही हुआ था जिसके लिये वह सपनों के शहर मुंबई आई थी ।
       
'एक दो तीन' के बाद बनाई पार्श्वगायिका के रूप में पहचान

लगभग आठ वर्ष तक मुंबई में संघर्ष करने के बाद 1988 में एन.चंद्रा की अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित अभिनीत फिल्म 'तेजाब' में अपने गीत 'एक दो तीन' की सफलता के बाद वह पार्श्वगायिका के रूप में अपनी पहचान बनाने में सफल हो गई।

1989 में अलका के करियर की एक और सुपरहिट फिल्म 'कयामत से कयामत तक' प्रदर्शित हुई जिसमें उन्होंने उदित नारायण के साथ 'ऐ मेरे हमसफर','अकेले है तो क्या गम है' और 'गजब का है दिन सोचो जरा' जैसे सुपरहिट युगल गीत गाए जो श्रोताओं के बीच काफी लोकप्रिय हुए।
              
इन फिल्मों की सफलता के बाद अलका को कई अच्छी फिल्मों के प्रस्ताव मिलने शुरू हो गये। 1994 उनके सिने करियर का अहम वर्ष साबित हुआ। इस वर्ष उनकी सुपरहिट फिल्म 'हम हैं राही प्यार के' प्रदर्शित हुयी। इस फिल्म के लिये उन्हें पहली बार सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायिका राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। इसके बाद 1999 में प्रदर्शित फिल्म 'कुछ कुछ होता है' के लिये भी उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया ।
         
अलका अपने सिने कैरियर में अब तक सात बार फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की जा चुकी है। माधुरी दीक्षित, श्री देवी, काजोल और जूही चावला जैसी नामचीन अभिनेत्रियों की आवाज कही जाने वाली अलका ने तीन दशक से भी ज्यादा लंबे करियर में हिन्दी के अलावा अवधी, गुजराती, उडि़या, राजस्थानी, नेपाली, बंगला, भोजपुरी, पंजाबी, मराठी,तेलुगु, तमिल, मणिपुरी, अंग्रेजी और मलयालम फिल्मों के गीतों के लिए भी अपना स्वर दिया है।
              
अलका अब तक लगभग 600 फिल्मों के लिए करीब 20,000 गीत गा चुकी है। अलका आज भी फिल्म और संगीत जगत को अपनी दिलकश आवाज के जरिए सुशोभित कर रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें