फोटो गैलरी

Hindi Newsरामपुर के दो घरों में चार लाख की लूट, तीन को किया घायल

रामपुर के दो घरों में चार लाख की लूट, तीन को किया घायल

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के दो घरों में बदमाशों ने परिजनों को बंधक बनाकर नगदी समेत चार लाख का माल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट कर घायल कर दिया। महिला समेत तीन घायलों को जिला अस्पताल...

रामपुर के दो घरों में चार लाख की लूट, तीन को किया घायल
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 19 Apr 2017 12:10 AM
ऐप पर पढ़ें

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के दो घरों में बदमाशों ने परिजनों को बंधक बनाकर नगदी समेत चार लाख का माल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट कर घायल कर दिया। महिला समेत तीन घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सपा के कद्दावर नेता आजम खां ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।

घटना सिविल लाइंस क्षेत्र के गांव शादी की मड़ैयां की है। सोमवार की रात करीब एक बजे बदमाशों ने सरफराज के घर पर धावा बोल दिया। तीन बदमाश छत से होकर घर में आ गए और एक गेट पर खड़ा रहा। अंदर पहुंचे बदमाशों ने गेट खोल दिया और परिजनों को गन प्वाइंट पर ले लिया। सरफराज, उसके पिता सिद्दीक और पत्नी सितारा को बंधक बना लिया, जिसके बाद लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचों की बटों से पिटाई कर घायल कर दिया। घर में रखे 51 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर समेत करीब डेढ़ लाख का माल लूट लिया और कमरे में बंद कर चले गए। कुछ देर बाद उन्होंने शोर मचाया। बदमाशों से दूसरा निशाना बना सफदर का घर। बदमाश उसके घर में घुस गए और परिजनों को बंधक बना लिया। यहां से 45 हजार रुपये नगदी, आठ तोले सोने के जेवर आदि सामान लूट लिया। विरोध करने पर मारपीट की, लेकिन सफदर और उसे परिजनों ने बदमाशों का सामना किया। इसी दौरान शोर मच गया और बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल सिद्दीक, सरफराज और उसकी पत्नी सितारा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की जानकारी पर पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। साथ ही अपराध बढ़ने को लेकर पुलिस और सरकार को निशाने पर लिया। इस दौरान जिला पंचायत के पूर्व सदस्य बाबर खां, मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें