फोटो गैलरी

Hindi Newsघर देगा सुकून का पैगाम

घर देगा सुकून का पैगाम

मौसम बदलने के साथ हम अपने लुक में बहुत सारे बदलाव करते हैं, तो क्यों न घर में भी कुछ बदलाव किए जाएं! गर्मी के मौसम में अपने घर में क्या बदलाव करें, बता रही हैं चयनिका निगम गर्मी में फ्रेश-फ्रेश रहना...

घर देगा सुकून का पैगाम
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 30 Apr 2015 12:00 PM
ऐप पर पढ़ें

मौसम बदलने के साथ हम अपने लुक में बहुत सारे बदलाव करते हैं, तो क्यों न घर में भी कुछ बदलाव किए जाएं! गर्मी के मौसम में अपने घर में क्या बदलाव करें, बता रही हैं चयनिका निगम

गर्मी में फ्रेश-फ्रेश रहना हम सबकी जरूरत होती है। पर हमारे घर का क्या? इसे भी तो मौसम बदलने के साथ नए अवतार की जरूरत है! पर ऐसा करते वक्त याद रखना होगा कि घर का लुक ताजा और आंखों को सुकून देने वाला हो। जाड़े के गाढ़े रंगों की जगह घर को रंग-बिरंगा लुक देने की कोशिश करें।

दीवारों पर जाए सबका ध्यान
दीवारें आपके घर का केंद्र हैं, तो सजावट के दौरान सबसे ज्यादा ध्यान इसी पर देने की जरूरत है। गर्मी के मौसम में घर की दीवारों का रंग बदलने से पहले याद रखें कि इन्हें इस मौसम के हिसाब से ही चुनना होगा। इसलिए हल्के रंग जैसे पीला, आसमानी नीला, हरा और क्रीम जैसे रंगों को ही दीवारों के लिए अपनी पसंद बनाएं।

पर्दे और कुशन हों खिले-खिले
भारी-भारी, गाढ़े रंग के पर्दो को पैक करके अलमारी में रख दीजिए। इंटीरियर डिजाइनर आशु पाठक यही सुझाव देती हैं। वह कहती हैं कि खिले हुए रंगों के पर्दो के साथ आपके घर को फ्रेश लुक मिलेगा। इसके साथ सोफा और कुशन कवर के रंगों में भी हल्के रंग और टेक्सचर को ही अपनी पसंद बनाइए। जयपुरी और ब्लॉक पेंटिंग वाले कुशन कवर खरीदें। कुशन की संख्या भी कम कर दें। इनके फैब्रिक में भी कॉटन और लिनेन जैसे मेटीरियल को अपनी पसंद बनाएं।

फूलों को दीजिए घर में जगह
घर में आपने जितने भी सजावटी वस्तुएं रखी हैं, उन्हें गर्मी के सीजन में आराम करने को कहिए। इस मौसम में आपके घर में जितना कम सामान होगा, उतना ही आप फ्रेश महसूस करेंगी। आशु कहती हैं, ताजे फूलों को अपने घर में जगह दें। आप कांच के बाउल में पानी और फूल की पंखुडियां भी रखकर अपने घर को महका सकती हैं। पर, इन सबके साथ इंडोर प्लांट्स को भी अपने घर में जगह दें। प्रकृति आपके नजदीक रहेगी और आपका घर तेज धूप वाले दिनों में भी ठंडा रहेगा।

दीवारें गाढ़े रंग की हैं तो
यह बात सही है कि हम बार-बार घर की दीवारों का रंग नहीं बदल सकते हैं। इसलिए अगर आपके घर की दीवारों का रंग गाढ़ा है, तो गर्मी के दिनों में आप उस रंग के प्रभाव को कम कर सकती हैं। हल्के रंग से रंगी पेंटिंग और साइड टेबल के साथ कमरे की सभी दूसरी चीजों के हल्के रंग गाढ़े रंग की दीवारों के प्रभाव को आसानी से कम कर सकते हैं।

घर में हों कम-से-कम सामान
गर्मी का मौसम यानी खुला-खुला घर। आपके घर में प्रवेश करते ही आपको भी ऐसा ही अनुभव हो, इसके लिए अपने घर से सबसे पहले सभी गैर जरूरी चीजों को हटा दें। सालों पुराने सजावटी सामान, पुराने गुलदस्ते या पेंटिंग को घर से बाहर निकाल दें। महीनों से रद्दी सहेज कर रखी है तो उसे जरूर बाहर का रास्ता दिखाएं।

रंग हों ऐसे
पर्दे, कुशन और बाकी चीजों के रंग चुनने की बात आएगी तो ट्रेंडी रंगों की जानकारी तो होनी ही चाहिए। आशु के अनुसार, ‘आजकल के ट्रेंडी रंगों की बात करें तो फ्लोरोसेंट रंगों का चुनाव गर्मी के मौसम में अच्छा रहेगा। इसके साथ नारंगी, गुलाबी और हल्के नीले रंग के पर्दे, कुशन कवर और टेबल क्लॉथ आदि गर्मी के मौसम के लिए चुनें।’

बाथरूम में मिले पौधों को जगह
वैसे तो हममें से अधिकांश लोग पौधों को बाथरूम में जगह देने के बारे में सोचते भी नहीं हैं। लेकिन थोड़ा सोचकर देखिए, छोटे-छोटे पौधे जब आपके बाथरूम के रोशनदान से बाहर झांकेंगे तो कितना अच्छा लगेगा। बाथरूम गर्मी के मौसम में भी खूब ठंडा रहेगा, सो अलग। बाथरूम के लिए आप हैंगिंग प्लांट्स चुनिए, जिन्हें रोशनदान से आती रोशनी भी मिलती रहे। इसके अलावा आप वॉश बेसिन के ऊपर किसी एक कोने पर बोनसाई प्लांट्स भी सजा सकती हैं। इनमें आपको ढेरों वेराइटी मिल जाएंगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें