पेलोडर ने बाराती गाड़ी को टक्कर मारी, दो मरे
बालूमाथ-खलारी पथ पर मारंगलोइया पुलिस पिकेट के पास महिंद्रा सवारी गाड़ी और पेलोडर में आमने-सामने की टक्कर में महिंद्रा चालक रोहित महतो (25) और पीछे बैठे मुरपा हरिजनटोला के नागो राम की घटनास्थल पर ही...
बालूमाथ-खलारी पथ पर मारंगलोइया पुलिस पिकेट के पास महिंद्रा सवारी गाड़ी और पेलोडर में आमने-सामने की टक्कर में महिंद्रा चालक रोहित महतो (25) और पीछे बैठे मुरपा हरिजनटोला के नागो राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सुजीत कुमार, अनंत कुमार, रितिक कुमार, रीना देवी, निर्मल कुमार, अवधेश राम, अरुण राम, जगन राम, संजय राम, योगेंद्र राम, विदेशी राम, राजेंद्र राम, यशोदा देवी उनकी मां, रजंती घायल हैं।
घटना सोमवार रात 9:30 बजे की है। महिंद्रा सवारी गाड़ी मुरपा से बारात लेकर बारियातू जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही सीओ धीरज ठाकुर, बीडीओ अर्जुन राम, पुनि रामजी महतो, थानाप्रभारी अजय कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे। घायलों को सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सात को रिम्स ले जाया गया है। सुजीत, अनंत और अरुण को आइसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
15 घंटे तक सड़क जाम, सैकड़ों वाहन फंसे
हादसे की खबर मिलते ही सैकड़ों लोगों ने मुआवजेके लिए सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीण पीओ और पेलोडर मालिक के बुलाने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि डंपर मालिक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पेलोडर सीसीएल के तेतरियाखाड़ में कोयला लोडिंग का काम करता था। पिंडारकोम के किसी व्यक्ति ने उसे लाया था। पीओ ने कहा पेलोडर हमारा नहीं है। बीडीओ और सीओ ने पारिवारिक लाभ के तहत 20 हजार नकद, इंदिरा आवास और विधवा पेंशन तत्काल स्वीकृत करने का आश्वासन दिया। इसके बाद मंगलवार दोपहर 12 बजे जाम हटा।
जानकारी के मुताबिक, मुरपा हरिजन टोला के सुरेश राम के बेटे उमेश राम की बारात बारियातू के गाड़ी गांव में प्रदीप राम के यहां जा रही थी। घायलों ने बताया कि सवारी गाड़ी के चालक ने वाहन बाए तरफ खड़ा कर दिया था। इसके बाद भी पेलोडर ने धक्का मार दिया। दूल्हे का वाहन आगे निकल चुका था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर में उमेश और संजू की शादी करा दी गयी। मृत चालक रोहित का एक बेटा 10 माह का है, जबकि नागो राम को तीन बेटा और तीन लड़की है। उसकी पत्नी बिलो देवी और बच्चों का हाल-बेहाल है।