फोटो गैलरी

Hindi Newsआज आएंगे राष्ट्रपति, अगवानी के लिए रांची तैयार

आज आएंगे राष्ट्रपति, अगवानी के लिए रांची तैयार

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को रांची आएंगे। वह रांची और हजारीबाग के कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हवाई अड्डे से लेकर...

आज आएंगे राष्ट्रपति, अगवानी के लिए रांची तैयार
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 09 Jan 2016 12:28 AM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को रांची आएंगे। वह रांची और हजारीबाग के कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हवाई अड्डे से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति बनने के बाद प्रणब मुखर्जी का यह तीसरा झारखंड दौरा है।

राष्ट्रपति शनिवार को दोपहर 1.40 बजे रांची हवाई अड्डा पहुंचेंगे और 10 मिनट के बाद हेलीकॉप्टर से हजारीबाग रवाना हो जायेंगे। राष्ट्रपति हजारीबाग स्थित विनोबा भावे विश्वविद्यालय में दोपहर तीन बजे से आयोजित दीक्षांत समारोह में पहुंचेंगे। दीक्षांत भाषण करने के बाद राष्ट्रपति शाम चार बजे रांची के लिए प्रस्थान करेंगे। रांची हवाई अड्डा से वह राजभवन पहुंचेंगे। राष्ट्रपति शाम 6.30 बजे राजभवन के निकट ऑड्रे हाउस में आर्ट गैलरी का उद्घाटन करेंगे। इसके 15 मिनट बाद नामकुम में बननेवाले राज्य के पहले तकनीकी विश्वविद्यालय का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। रात में वह राजभवन में कुछ सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मिल सकते हैं।


रविवार को राष्ट्रपति दो कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सुबह 10.15 बजे वह राजभवन से चल कर 10.30 बजे खेलगांव पहुंचेंगे। खेलगांव के शहीद टाना भगत स्टेडियम में आयोजित निखिल भारत बंग साहित्य सम्मेलन का वह उद्घाटन करेंगे। एक घंटे के बाद 11.30 बजे वह बीआईटी मेसरा के लिए प्रस्थान करेंगे। बीआईटी के दीक्षांत समारोह में 12 बजे पहुंचेंगे। समारोह के बाद वह लंच लेंगे। दोपहर 2.15 बजे वह रांची हवाई अड्डा पहुंचेंगे और तीन बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें