फोटो गैलरी

Hindi Newsराजनीतिक दलों से न डरें पुलिस वाले : रघुवर

राजनीतिक दलों से न डरें पुलिस वाले : रघुवर

झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को जमशेदपुर स्थित गोलमुरी पुलिस लाइन में एक कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें राजनीतिक दलों से डरने की जरूरत नहीं...

राजनीतिक दलों से न डरें पुलिस वाले : रघुवर
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 26 Aug 2016 09:18 PM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को जमशेदपुर स्थित गोलमुरी पुलिस लाइन में एक कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें राजनीतिक दलों से डरने की जरूरत नहीं है। 

उन्होंने कहा कि आप पाक साफ रहें। भ्रष्टाचार से दूर रहें। अगर आरोप लगे भी तो उससे घबराना नहीं है, उसकी चिंता नहीं करनी है। आपका दास,  रघुवर दास है। वह आपका बाल भी बांका होने नहीं देगा। हालांकि यह भी समझाया कि कोई काम ऐसा नहीं करें, जिसकी वजह से उनके काम में राजनीतिक दखल बढ़े। 

उन्होंने कहा कि थानेदार ऐसा होना चाहिए कि उसके बिना थाने का पत्ता तक न हिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार से उन्हें सख्त नफरत है। गरीब ही इससे सबसे ज्यादा प्रभावित होता है। वह अपना काम कराने के लिए अपने घर, जेवर तक बंधक रख देता है। थानों में भ्रष्टाचार न हो, इसे देखना है। रघुवर दास ने नसीहत दी कि जिन पुलिस वालों ने भ्रष्टाचार किया उनके परिवार की स्थिति देख लीजिए। भ्रष्टाचार का पैसा टिकता नहीं, बल्कि परिवार को ही खराब कर देता है। इसलिए पुलिस वालों को ऐसा काम करना है जिसमें उनका नाम हो। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों का शासन से विश्वास उठ गया था, लेकिन अब जम गया है। उसे और बेहतर बनाना है। पुलिस वाले जनता की चिंता करें, आपकी चिंता सरकार करेगी। सीएम के अनुसार पुलिस जवानों को वैसा ही सम्मान पाना है जैसा कि सैनिकों को मिलता है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें