फोटो गैलरी

Hindi Newsधनबाद-झरिया सड़क पर गैस रिसाव, भूमिगत आग का खतरा बढ़ा

धनबाद-झरिया सड़क पर गैस रिसाव, भूमिगत आग का खतरा बढ़ा

झारखंड के धनबाद-झरिया मुख्य मार्ग भूमिगत आग की जद में है। शुक्रवार की शाम सड़क चौड़ीकरण के दौरान बस्ताकोला गौशाला मोड़ के समीप गैस रिसाव शुरू हो गया है। इससे हड़कंप मचा हुआ है। गैस रिसाव दस फीट के दायरे...

धनबाद-झरिया सड़क पर गैस रिसाव, भूमिगत आग का खतरा बढ़ा
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 03 Sep 2016 09:55 AM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड के धनबाद-झरिया मुख्य मार्ग भूमिगत आग की जद में है। शुक्रवार की शाम सड़क चौड़ीकरण के दौरान बस्ताकोला गौशाला मोड़ के समीप गैस रिसाव शुरू हो गया है। इससे हड़कंप मचा हुआ है। गैस रिसाव दस फीट के दायरे में हो रहा है। बगल में अन्नपूर्णा मेडिकल और सड़क के उस पर देव पब्लिक स्कूल है। घटनास्थल के समीप बीसीसीएल के आवास हैं। शाम करीब छह बजे मशीन से सड़क के किनारे जमीन की खुदाई की जा रही थी। तभी गैस रिसाव होने लगा। गैस रिसाव होते ही मशीन का काम रोक दिया गया। गैस रिसाव से झरिया-धनबाद मार्ग को खतरा बढ़ गया है। वहीं समीप के दर्जनों आवास और बस्तियों को भी खतरा है। करीब पांच हजार की आबादी आसपास में है। गैस रिसाव चौड़ीकरण वाली जगह पर हो रहा है। इंडस्ट्री व धनसार कोलियरी क्षेत्र में यह इलाका है। प्रबंधन ने इस क्षेत्र को पहले ही असुरक्षित घोषित किया है। यहां पर टेन सीम में आग लगी हुई है। आग सड़क तक पहुंच गई है। 


बनियाहीर में भी हुई थी घटना
झरिया-सिंदरी मार्ग पर भी एक माह पूर्व गैस रिसाव की घटना हुई थी। सुराटांड़ और हनुमानगढ़ी के बीच गोफ बन गया था। इससे भारी मात्रा में गैस रिसाव हो रहा था। वह भी सड़क चौड़ीकरण के दौरान हुआ था। बाद में बीसीसीएल प्रबंधन ने उसकी भराई करा दी। 

धनसार कोलियरी के पीओ एके झा ने कहा कि घटना की जानकारी अभी तक नहीं मिली है। पता किया जा रहा है। वैसे उस क्षेत्र को पहले ही असुरक्षित घोषित किया जा चुका है। क्षेत्र एना में है या धनसार में इसका पता कर रहे हैं। 


वहीं, पीडब्ल्यूडी के जेई बबलू कुमार ने कहा कि हल्का गैस रिसाव हो रहा है। इस संबंध में नगर निगम और बीसीसीएल प्रबंधन को बचाव कार्य करने के लिए लिखा जाएगा। उस जगह को सुरक्षित किया जाएगा।  
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें