फोटो गैलरी

Hindi Newsसरायकेला-खरसावां जिले में महिला को बांधकर जलाने का प्रयास

सरायकेला-खरसावां जिले में महिला को बांधकर जलाने का प्रयास

कपाली ओपी क्षेत्र के हासाडुंगरी में तीन बदमाशों ने 55 वर्षीय महिला बाहा मुर्मू का हाथ-पैर बांधकर जलाने का प्रयास किया। घटना सोमवार तड़के तीन बजे की है। महिला ने देर शाम पुलिस से शिकायत की। बाहा...

सरायकेला-खरसावां जिले में महिला को बांधकर जलाने का प्रयास
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 11 Jan 2017 05:20 PM
ऐप पर पढ़ें

कपाली ओपी क्षेत्र के हासाडुंगरी में तीन बदमाशों ने 55 वर्षीय महिला बाहा मुर्मू का हाथ-पैर बांधकर जलाने का प्रयास किया। घटना सोमवार तड़के तीन बजे की है। महिला ने देर शाम पुलिस से शिकायत की।

बाहा मुर्मू ने आरोप लगाया कि सोमवार तड़के तीन बजे तीन बदमाश चेहरा ढंककर आए और जबरदस्ती बाहर गली में ले गए। यहां हाथ-पैर बांधकर शरीर पर केरोसिन डाला व जलाने का प्रयास किया। इस दौरान एक बाइक की लाइट पड़ने से वे लोग उसे छोड़कर चले गए। घटना की जानकारी के बाद थाना का स्टाफ आया और हाथ-पैर की रस्सी को खोला। महिला ने बताया कि बदमाशों ने जाते-जाते धमकी दी कि 20 जनवरी को हाईकोर्ट में सुनवाई के पहले केस वापस ले लो वरना जान से मार देंगे। सभी बदमाश हिन्दी में बात कर रहे थे। महिला ने इस संबंध में कपाली ओपी में मामला दर्ज कराया।

पति पर ही आरोप लगा रही महिला : थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि महिला द्वारा शिकायत की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला जमीन विवाद का है। महिला जिस व्यक्ति पर आरोप लगा रही है, वह उसका पति है। दूसरी शादी के बाद महिला उस पर आरोप लगा रही है। महिला ने अज्ञात व्यक्ति के द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात कही है, पर जलाने की घटना मनगढ़ंत है।

महिला को बांधने की मिली सूचना : कपाली दक्षिण-पश्चिम पंचायत के मुखिया सोनू सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह पांच बजे उन्हें सूचना मिली कि बदमाशों ने बाहा मुर्मू को बांध दिया है। वे घटनास्थल पहुंचे तब तक थाना के स्टाफ ने रस्सी खोल दी थी। मुखिया ने थाना प्रभारी से निष्पक्ष जांच की मांग की।

मेरी जमीन हड़प ली गई : बाहा मुर्मू ने पुलिस को बताया कि उसने शादी नहीं की है। पांच वर्ष पहले बंगाल के महेश्वर हांसदा ने उसके घर में रहने की इच्छा जताई। उसे महेश्वर हांसदा पर विश्वास हो गया था, पर उसने गलत ढंग से उसकी जमीन हड़प ली। अब वह घर खाली करने की धमकी देता है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें