फोटो गैलरी

Hindi Newsप्री मानसून की हुई बारिश, गर्मी से राहत

प्री मानसून की हुई बारिश, गर्मी से राहत

शहर में गुरुवार को प्री मानसून की दूसरी बार झमाझम बारिश हुई। मेघ गर्जन और तेज हवाओं के साथ तेज बारिश होने से वातावरण खुशगवार हो गया। दिनभर की तपिश भरी गर्मी से राहत भी मिली। रात के तापमान में सात...

प्री मानसून की हुई बारिश, गर्मी से राहत
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 12 May 2017 04:20 PM
ऐप पर पढ़ें

शहर में गुरुवार को प्री मानसून की दूसरी बार झमाझम बारिश हुई। मेघ गर्जन और तेज हवाओं के साथ तेज बारिश होने से वातावरण खुशगवार हो गया। दिनभर की तपिश भरी गर्मी से राहत भी मिली। रात के तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। वहीं, हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे थी।

17 मीमी बारिश : मौसम विभाग ने 11 मई को 17 मीमी बारिश रिकॉर्ड किया। तीन मई को सबसे ज्यादा 26 मीमी बारिश हुई थी। अब तक करीब सौ मीमी की बारिश हो चुकी है। 15 अप्रैल को 11 मीमी और 19 अप्रैल को 12.4 मीमी बारिश हुई थी। पांच मई को छह मीमी और आठ मई को 6.2 मीमी बारिश हुई।

नार्वेस्टर हुआ सक्रिय : मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान पदाधिकारी डीजी हेडाउ ने बताया कि नार्वेस्टर की सक्रियता के कारण झारखंड में प्री मानसून की बारिश को गति मिल रही है। उत्तर पश्चिम से आनेवाली गर्म हवाओं से कोल्हान का जमशेदपुर ज्यादा प्रभावित हुआ। यहां सबसे ज्यादा 17 मीमी बारिश हुई। जबकि रांची में एक मीमी और बोकारो में 0.5 मीमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अन्य शहरों में मेघ गर्जन और तेज हवाओं के बीच बूंदाबांदी हुई।

48 घंटे रहेगा असर : मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि उत्तर पश्चिम की गर्म हवाएं और बढ़ती नमी से आंधी तूफान, मेघ गर्जन, बारिश और बिजली चमकने की स्थिति बनी। दोपहर तीन बजे के बाद तेज हवाएं चलीं। रुक-रुक कर झमाझम बारिश हुई। चक्रवाती प्रवाह असम और मिजोरम में है। लेकिन, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र से झारखंड को छूते हुए ओडिशा के समुद्री तट पर निम्न दाब की पट्टी बनी है। जिसके असर से 48 घंटे बारिश और आंधी की संभावना है।

जल जमाव परेशानी : करीब पौन घंटे की आंधी, तूफान के बाद झमाझम बारिश से शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया। शब-ए-बरात के मद्देनजर मौसम सुहाना होने से इबादत और रोजा रखने वालों ने राहत मिली। लेकिन, जलजमाव से मस्जिद और कब्रिस्तान जाने के रास्ते में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुरुलिया रोड, पायल सिनेमा, मानगो थाना, रोड नंबर 15 सहारा सिटी, मानगो पुल, हावड़ा ब्रिज, जुगसलाई, बर्मामाइंस, कालामाटी रोड में आरडी टाटा गोलचक्कर से टुईलाडुंगरी, गाराबासा, केबल टाउन से बर्मामाइंस सुनसुनिया गेट तक बारिश की पानी की धार से एक तरफ से आवागमन बाधित रहा। बाराद्वारी स्थित वृद्धाआश्रम के पास, साकची हावड़ाब्रीज के पास, मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर, मानगो रोड नंबर 14, सहारा सिटी के पास, गोलमुरी के टिनप्लेट, भुईयाडीह ह्यूम पाईप रोड, ट्यूब कंपनी के पास और जुगसलाई राज होटल के सामने रेलवे पुल के पास बारिश के कारण जलजमाव हुआ।

आंधी से गिरे पेड़ : आंधी से तीन जगहों पर पेड़ की टहनी टूटकर गिर गई। टेल्को तार कंपनी, टाटा मोटर्स अस्पताल रोड में, भुइयांडीह लिट्टी चौक के पास, ओल्ड केबल टाउन मेन रोड में, जुबली पार्क में पेड़ की कई टहनी टूटी। बाराद्वारी रोड में पेड़ की टहनी गिरने से कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें