फोटो गैलरी

Hindi Newsचीन की साइबर-समुद्री गतिविधियों से परेशान ओबामा

चीन की साइबर-समुद्री गतिविधियों से परेशान ओबामा

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने चीन की साइबर और समुद्री गतिविधियों पर चिंता जताई है। चीन की उप प्रधानमंत्री लियू यानदोंग और वांग यांग से मुलाकात में उन्होंने बीजिंग से इन चिंताओं को दूर करने के लिए...

चीन की साइबर-समुद्री गतिविधियों से परेशान ओबामा
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 25 Jun 2015 10:38 PM
ऐप पर पढ़ें

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने चीन की साइबर और समुद्री गतिविधियों पर चिंता जताई है। चीन की उप प्रधानमंत्री लियू यानदोंग और वांग यांग से मुलाकात में उन्होंने बीजिंग से इन चिंताओं को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।

व्हाइट हाउस में बुधवार रात अमेरिकी और चीनी अधिकारियों के बीच हुई वार्षिक रणनीतिक एवं आर्थिक वार्ता में दक्षिणी चीन सागर में बीजिंग की विवादित गतिविधियों का मुद्दा छाया रहा। ओबामा के नेतृत्व में अमेरिकी अधिकारियों ने न सिर्फ दक्षिण चीन सागर में कृत्रिम द्वीपों के निर्माण पर आपत्ति जाहिर की, बल्कि विवादित स्प्रैटली द्वीप पर चीनी जहाजों की तैनाती पर भी सवाल उठाए। उन्होंने अमेरिका पर लगातार बढ़ते साइबर हमलों और 40 लाख सरकारी कर्मचारियों की निजी जानकारियों में सेंधमारी को लेकर भी अपनी चिंताएं रखीं। वार्ता के अंत में ओबामा ने उम्मीद जताई कि बीजिंग इन चिंताओं के समाधान के लिए जल्द ही कोई ठोस कदम उठाएगा।

हालांकि चीनी अधिकारियों ने दक्षिणी चीन सागर के विवादित द्वीपों पर चीनी जहाजों की तैनाती और नए कृत्रिम द्वीपों के निर्माण को लेकर अमेरिकी चिंताओं को खारिज किया। विदेश मामलों के उप मंत्री झेंग जेगुआंग ने कहा, दक्षिणी चीन सागर को लेकर कोई तनाव नहीं है। अमेरिका को चीनी गतिविधियों पर आपत्ति नहीं जतानी चाहिए, क्योंकि वह इस विवाद का हिस्सा नहीं है। उसने हाल के साइबर हमलों में चीन की संलिप्तता से भी इनकार किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें