फोटो गैलरी

Hindi Newsअमेरिका में दो भारतवंशियों को प्रवासी भारतीय सम्मान

अमेरिका में दो भारतवंशियों को प्रवासी भारतीय सम्मान

अमेरिका में रह रहे भारतवंशी डॉक्टर भरत बरई और संपत शिवांगी को प्रतिष्ठित प्रवासी भारतीय सम्मान के लिए चुना गया है। दूसरे देशों में रहने वाले भारतवंशियों को दिया जाने वाला यह सबसे बड़ा नागरिक सम्मान...

अमेरिका में दो भारतवंशियों को प्रवासी भारतीय सम्मान
एजेंसीSat, 07 Jan 2017 05:13 PM
ऐप पर पढ़ें

अमेरिका में रह रहे भारतवंशी डॉक्टर भरत बरई और संपत शिवांगी को प्रतिष्ठित प्रवासी भारतीय सम्मान के लिए चुना गया है। दूसरे देशों में रहने वाले भारतवंशियों को दिया जाने वाला यह सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है।

प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के आखिरी दिन नौ जनवरी को बेंगलुरु में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी दोनों डॉक्टर को सम्मानित करेंगे। दुनियाभर से भारतीय मूल के लोग इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। अपने चयन पर खुशी जताते हुए शिवांगी ने कहा कि इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना जाना मेरे लिए सम्मान की बात है। 

वहीं, डॉक्टर बरई ने इसका श्रेय न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी और शिकागो के सैकड़ों वालंटियर को दिया। कहा, इनकी मदद के बिना मुझे यह मुकाम नहीं मिल सकता था। मैं उन सभी लोगों की तरफ से यह पुरस्कार स्वीकार करता हूं। गौरतलब है कि भारतीय विदेश मंत्रालय ने वर्ष 2003 से इस पुरस्कार की शुरुआत की थी। अब तक विदेशों में बसे 28 भारतवंशियों को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

मोदी के कार्यक्रम में निभाई थी बड़ी भूमिका 
शिकागो में रहने वाले डॉक्टर भरत बरई ने वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिकी दौरे को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने अपने वालंटियर के साथ मिलकर न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन पर आयोजित पीएम के ऐतिहासिक कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वहीं, मिसिसिपी में रहने वाले डॉक्टर शिवांगी ने सांसदों के जरिये भारत-अमेरिकी संबंधों को बेहतर बनाने में अहम भूमिका अदा की है।

विधानसभा चुनाव 2023 के सारे अपड्टेस LIVE यहां पढ़े