फोटो गैलरी

Hindi Newsआग से गृहस्थी सहित दहेज का सामान खाक

आग से गृहस्थी सहित दहेज का सामान खाक

सुमेरपुर कस्बे के वार्ड-5 गांधी नगर में शनिवार की रात रिहायशी मकान में आग लग जाने से लाखों रुपए की गृहस्थी का सामान खाक हो गया। लड़की की शादी के लिए जुटाया गया दहेज का सामान भी आग की चपेट में आकर जल...

आग से गृहस्थी सहित दहेज का सामान खाक
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 16 Apr 2017 11:20 PM
ऐप पर पढ़ें

सुमेरपुर कस्बे के वार्ड-5 गांधी नगर में शनिवार की रात रिहायशी मकान में आग लग जाने से लाखों रुपए की गृहस्थी का सामान खाक हो गया। लड़की की शादी के लिए जुटाया गया दहेज का सामान भी आग की चपेट में आकर जल गया। इस घटना के बाद पूरा परिवार दाने-दाने को मोहताज हो गया। महिला का पति पिछले दस साल से गायब होने से वह परिवार का भरण पोषण कर रही थी।

कस्बे के विन्ध्यवासिनी मंदिर के सामने वाली गली में बेसहारा सुषमा वर्मा परिवार संग रहती है। इसके पांच बच्चे हैं। दस वर्षों से इसका पति लापता है। यह मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करती है। प्रतिदिन की भांति शनिवार की रात पूरा परिवार खाना खाने के बाद सो गया। देर रात 2 बजे मकान में आग की लपटे उठने लगी। जिससे सुषमा की नींद खुली तो वह बच्चों को लेकर भाग भागी और शोर मचाया। जिस पर पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। सुषमा ने बताया कि इस घटना से लाखों रुपए की गृहस्थी के साथ लड़की के दहेज के लिए जुटाया गया सामान भी खाक हो गया। इसकी लड़की की शादी 9 जून को होनी है। आशंका है कि मकान में आग पीछे पड़े कूड़े की चिंगारी से लगी है। आग की घटना पर रविवार को नायब तहसीलदार विजय प्रताप सिंह ने कानूनगो राहुल सिंह यादव, लेखपाल इन्द्रजीत कुशवाहा के साथ क्षति का आंकलन किया। राजस्व विभाग के अनुसार 1 लाख 75 हजार की क्षति हुई है। राजस्व विभाग के कर्मियों ने आपस में चंदा करके पीड़ित परिवार को खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराई।

लेखपाल इन्द्रजीत कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता को पात्र गृहस्थी का कार्ड है। तहसीलदार के आदेश पर राशन बिक्रेता से खाद्यान्न उपलब्ध कराने को कहा गया है। मगर राशन विक्रेता ने राशन देने से मना कर दिया। इस मामले में राशन विक्रेता जगदीश त्रिपाठी का कहना है कि लेखपाल का फोन आया था। मगर पूर्ति निरीक्षक का कोई आदेश न मिलने पर खाद्यान्न नहीं दिया गया है। नायब तहसीलदार ने पीड़िता को शीघ्र मदद का भरोसा दिलाया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें