फोटो गैलरी

Hindi Newsशहर में वेंडिंग जोन का निर्धारण जल्द

शहर में वेंडिंग जोन का निर्धारण जल्द

शहर के विभिन्न सेक्टर एवं कालोनियों में प्रस्तावित वेंडिंग जोन का निर्धारण जल्द हो जाएगा। इसके लिए निगम अधिकारियों ने सभी प्रस्तावित स्थानों को लेकर जारी विवादों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी...

शहर में वेंडिंग जोन का निर्धारण जल्द
Wed, 07 Jun 2017 07:30 PM
ऐप पर पढ़ें

गुरुग्राम। वरिष्ठ संवाददाता

शहर के विभिन्न सेक्टर एवं कॉलोनियों में प्रस्तावित वेंडिंग जोन का निर्धारण जल्द होगा। इसके लिए निगम अधिकारियों ने सभी प्रस्तावित स्थानों को लेकर जारी विवादों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें संबंधित आरडब्ल्यूए एवं स्थानीय लोगों की आपत्तियों के निस्तारण के साथ ही वेंडरों को भी नियमों के दायरे में बांधा जा रहा है। आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद पूरे शहर में वेंडिंग जोन की घोषणा कर दी जाएगी।

नगर निगम के वरिष्ठ योजनाकार सुधीर चौहान के नेतृत्व में एक टीम ने बुधवार को सेक्टर चार, 31, 15 एवं सेक्टर 14 क्षेत्र में प्रस्तावित वेंडिंग जोन का मुआयना किया। इस दौरान इन सभी जोन से संबंधित आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उनकी आपत्तियों का निस्तारण किया। बैठक में उन्होंने बताया कि सभी आपत्तियां जायज हैं। लेकिन यह राज्य सरकार की योजना है, इसलिए वेंडिंग जोन भी बनाया जाएगा। उन्होंने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि वेंडिंग जोन में बैठने वाले सभी वेंडर स्थानीय होंगे। किसी भी बाहरी वेंडर को नहीं बैठाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वेंडरों के लिए नगर निगम ने नियमों का निर्धारण भी कर दिया है। ऐसे में यदि कोई भी वेंडर नियमों का उल्लंघन नहीं कर सकेगा। सुधीर चौहान के मुताबिक इसी क्रम में शहर के बाकी स्थानों पर शिविर लगाकर नागरिकों की आपत्तियां सुनी जाएंगी।

वेंडिंग जोन में नहीं लगेगा तंदूर

वरिष्ठ नगर योजनाकार के मुताबिक वेंडिंग जोन में किसी भी वेंडर को तंदूर लगाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। नियमों के अनुसार वेंडर अपनी रेहड़ी में स्टोव या ओवन रखकर खाद्य पदाथों को गर्म तो कर सकते हैं। लेकिन खाना बनाने की इजाजत नहीं होगी। जिन वेंडरों को खाना परोसने के लिए रेहड़ी आवंटित की जाएगी, उनके लिए रसोई अपने घर में स्थापित करने की शर्त रखी गई है।

सीसीटीवी से होगी निगरानी

सभी वेंडिंग जोन को सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी की निगरानी में रखा जाएगा। वेंडर हरित पट्टी में रेहड़ी तो लगाएंगे, लेकिन साफ सफाई की जिम्मेदारी उनकी खुद की होगी। वेंडर कचरा पात्र के अलावा कोई भी सामान रेहड़ी से बाहर नहीं रखेंगे। रेहड़ी में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की भी जिम्मेदारी भी उनकी खुद की होगी। निगम की टीम किसी भी रेहड़ी पर बिक रहे खाद्य पदार्थों की जांच कर सकेगी।

सौर ऊर्जा से रोशन होंगी रेहड़ियां

वेंडिंग जोन में लगने वाली सभी रेहड़ियां सौर ऊर्जा से रोशन होंगी। इन रेहड़ियों पर सोलर पैनल लगाया गया है। वहीं रोशनी के लिए एलईडी लाइटों की व्यवस्था की गई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें