अयोध्या का 84 कोसी परिक्रमा मार्ग अब बना नेशनल हाईवे
अयोध्या को सौगातजलमार्ग में तब्दील होगी सरयू नदी, बैराज का भी होगा निर्माणबद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री के लिए 12 हजार करोड़ की लागत से सड़क1056.41 करोड़ की लागत से जगदीशपुर-फैजाबाद खंड के...
अयोध्या को सौगात
जलमार्ग में तब्दील होगी सरयू नदी, बैराज का भी होगा निर्माण
बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री के लिए 12 हजार करोड़ की लागत से सड़क
1056.41 करोड़ की लागत से जगदीशपुर-फैजाबाद खंड के चार लेन का किया शिलान्यास
फोटो फाइल नंबर-21एफजेडपीआईसी1-कैप्शन-फैजाबाद के जीआईसी मैदान में परिवर्तन रैली को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी।
फैजाबाद वरिष्ठ संवाददाता
केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को रामनगरी अयोध्या को कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने 84 कोसी परिक्रमा मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग में तब्दील करने की घोषणा की। इसके साथ ही सरयू नदी में जलमार्ग भी बनाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने बैराज बनवाने का भी ऐलान किया।
श्री गडकरी बुधवार को यहां राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित परिवर्तन रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 1056.41 करोड़ रुपए की लागत से जगदीशपुर-फैजाबाद खंड के चार लेन सहित पेव्ड सोल्डर के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का शिलान्यास किया। श्री गडकरी ने कहा कि 250 किमी लंबे 84 कोसी परिक्रमा मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर दिया गया है। परिक्रमा मार्ग को एनएच बनाने के लिए अफसरों को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि सरयू नदी को जलमार्ग में तब्दील करने और बैराज निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कराया जा रहा है। करीब 12 सौ करोड़ रुपए की लागत के इस प्रोजेक्ट के तहत बैराज बनाकर राम की पैड़ी को शारदा सहायक नहर से जोड़ा जाएगा। बैराज बनने के बाद राम की पैड़ी में अनवरत जल प्रवाह हो सकेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि फैजाबाद से इलाहाबाद तक चार सौ करोड़ रुपए की लागत से सड़क का निर्माण होगा। इसके साथ ही अयोध्या से बिहार तक सड़क बनेगी। 107 किमी लंबे राम वन गमन मार्ग के निर्माण पर 25 सौ करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह मार्ग अयोध्या से प्रतापगढ़ तक बनेगा। इसी कड़ी में उन्होंने बताया कि बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के लिए 12 हजार करोड़ रुपए की लागत से सड़क बनवाई जाएगी। इसका भूमि पूजन खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
उन्होंने कहा कि अब मानसरोवर जाने के लिए नेपाल व चीन का चक्कर नहीं लगाना होगा। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से सीधे मान सरोवर जाया जा सकेगा। श्री गडकरी के अनुसार देश में 111 नदियों को जलमार्ग में रुपांतरित किया जा रहा है। इसके तहत करीब 20 हजार किमी का जलमार्ग बनेगा। गंगा नदी पर इसके लिए चार हजार करोड़ की लागत से काम शुरू करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस वक्त ऐसी सड़कें बन रही हैं जिन पर अगले दो सौ साल तक गड्ढा नहीं होगा। परिवर्तन रैली एवं शिलान्यास समारोह में राज्यसभा सदस्य विनय कटियार, फैजाबाद के सांसद लल्लू सिंह, अंबेडकरनगर के सांसद हरिओम पांडेय, रुदौली के विधायक रामचंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल समेत अन्य मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




