फोटो गैलरी

Hindi Newsआईफा 2015 की शानदार शुरुआत, चकाचौंध, ग्लैमर और व्यापार का अनोखा संगम

आईफा 2015 की शानदार शुरुआत, चकाचौंध, ग्लैमर और व्यापार का अनोखा संगम

अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (आईफा) का वर्ष 2015 का वार्षिक समारोह शुक्रवार को शुरू हुआ। समारोह में रितिक रोशन, अर्जुन कपूर, सोनाक्षी सिन्हा, जैकलीन फर्नाडीज और अनिल कपूर, अनुपम खेर और...

आईफा 2015 की शानदार शुरुआत, चकाचौंध, ग्लैमर और व्यापार का अनोखा संगम
एजेंसीSat, 06 Jun 2015 09:28 AM
ऐप पर पढ़ें

अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (आईफा) का वर्ष 2015 का वार्षिक समारोह शुक्रवार को शुरू हुआ। समारोह में रितिक रोशन, अर्जुन कपूर, सोनाक्षी सिन्हा, जैकलीन फर्नाडीज और अनिल कपूर, अनुपम खेर और सुभाष घई जैसे सितारे नजर आए। यह दूसरी दफा है जब आईफा समारोह मलेशिया में आयोजित किया जा रहा है।
  
इस समारोह को हर वर्ष किसी विदेशी धरती पर आयोजित किया जाता है और इस दौरान फिक्की-आईफा ग्लोबल बिजनेस फोरम का भी आयोजन किया जाता है जिसका मकसद दोनों देशों के बीच व्यापार और पर्यटन को बढ़ाना है।

समारोह के दौरान अनुपम ने भारतीय सिनेमा के बारे में बातचीत की। उन्होंने बताया कि यह किस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फल-फूल रहा है। वहीं हीरो नं 1 के डायरेक्टर डेविड धवन और फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला भी मंच पर मौजूद थे, जिन्होंने मलेशिया में फिल्म बनाने में रुचि दिखाई।

बिपाशा बसु, अनुपम, अनिल कपूर, आयुष्मान खुराना, सोनाक्षी सिन्हा, लॉरेन गोटलिएब, अदिति राव हैदरी, कनिका कपूर, अर्जुन, जैकलीन और घई भी उपस्थित थे, जिन्हें रविवार को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
  
आईफा के प्रवक्ता आंद्रे टिममिन्स ने बताया कि हम खुश हैं कि 13 साल बाद हम उस स्थान पर फिर होंगे जहां पहले आ चुके हैं क्योंकि यहां के लोग हमें समझते हैं। कुआलालंपुर पहले से बहुत बेहतर हो गया है। यह हमारे कलाकारों के लिए एक बेहतरीन स्थान है और बॉलीवुड की कई फिल्मों की शूटिंग यहां हुई है। बॉलीवुड सितारों की उपस्थिति देश में पर्यटन को बढ़ाएगी।
  
इस साल बॉलीवुड की नई पौध मंच पर पूरे जोश के साथ प्रस्तुति देने का मोर्चा संभालेगी। सोनाक्षी सिन्हा, श्रद्धा कपूर, परिणीति चोपड़ा की प्रस्तुतियों के साथ रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर को कार्यक्रम की मेजबानी करते हुए देखा जा सकेगा।
  
टिममिन्स ने बताया कि रणवीर और अर्जुन के मेजबानी करने के साथ ही आईफा में इस साल नई पीढ़ी पर विशेष ध्यान दिया गया है। अधिकतर पुरस्कारों में भी नामांकन या तो नवोदित सितारों या नवोदित निर्देशकों को मिला है। मसलन आलिया भट्ट को '2 स्टेट्स' और विकास बहल को 'क्वीन' के लिए नामांकन मिला है।
  
इस साल समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण यहां पर कई सितारों से सजी 'दिल धड़कने दो' का प्रदर्शन होना है और इस दौरान फिल्म के सितारे यहां मौजूद होंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें