फोटो गैलरी

Hindi Newsउत्तराखंड में कांग्रेस ने भाजपा से दागी नेताओं पर मांगा जवाब

उत्तराखंड में कांग्रेस ने भाजपा से दागी नेताओं पर मांगा जवाब

भाजपा से जुड़े नेताओं के खिलाफ दर्ज हो रहे आपराधिक मामलों ने कांग्रेस को नया मुद्दा दे दिया। कांग्रेस ने इन्हें आधार बनाते हुए भाजपा के भय-भूख-भ्रष्टाचार उन्मूलन के नारे पर गंभीर सवाल उठाया...

उत्तराखंड में कांग्रेस ने भाजपा से दागी नेताओं पर मांगा जवाब
लाइव हिन्दुस्तान टीम,देहरादूनSun, 14 May 2017 08:31 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा से जुड़े नेताओं के खिलाफ दर्ज हो रहे आपराधिक मामलों ने कांग्रेस को नया मुद्दा दे दिया। कांग्रेस ने इन्हें आधार बनाते हुए भाजपा के भय-भूख-भ्रष्टाचार उन्मूलन के नारे पर गंभीर सवाल उठाया है।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी का कहना है कि दो महीने के कार्यकाल में ही भाजपा का असली चाल और चरित्र सामने आ गया है। अभी हाल में भाजपा से जुडे़ नेताओं के खिलाफ हरिद्वार और खटीमा में मुकदमे दर्ज हुए हैं। भंडारी ने कहा कि भाजपा भय-भूख-भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने का दावा करती है। दो महीने के भीतर ही अल्मोड़ा में एक युवती की भूख से मौत हो चुकी है। इसकी पुष्टि खुद भाजपा के विधायक महेश नेगी ने की। यूएसनगर नगर का हाईवे भूमि मुआवजा घोटाला पर सीबीआई जांच को लटकाना भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की गंभीरता को साबित करता है। रही बात भय की तो आए दिन अपराधिक घटनाएं हो रही है।

देवेंद्र चंद कांग्रेस में नहीं: कांग्रेस
पहले राइस मिलर से रंगदारी और उसके बाद दुष्कर्म के प्रयास के मामले में सुर्खियों में आए नेता देवेंद्र चंद को लेकर कांग्रेस ने अपना पक्ष रखा। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मथुरादत्त जोशी ने कहा कि देवेंद्र चंद को कांग्रेस ने चुनाव नतीजे आने के साद ही पार्टी से बर्खास्त कर दिया था। जोशी ने चंद के भाजपा नेताओं के साथ विभिन्न कार्यक्रमों केा फोटो भी सार्वजनिक किए। कहा कि, भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए चंद को कांग्रेस नेता बता रही है। जबकि चंद इस वक्त भाजपा में हैं और तमाम शीर्ष नेताओं के साथ उनकी नजदीकियां हैं।

ईश्वर रुद्रप्रयाग, मोहनलाल उत्तरकाशी के कांग्रेस संयोजक
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने  ईश्वर सिंह बिष्ट को रुद्रप्रयाग और मोहनलाल शाह को उत्तरकाशी जिले का संयोजक नियुक्त किया है। उन्हें पार्टी संगठन की गतिविधियों और सदस्यता अभियान के सुचारु संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश प्रवक्ता संजय भट्ट ने बताया कि प्रदेश सचिव संजय किशोर महेंद्रु को प्रदेश संगठन चुनाव के सहायक निर्वाचन अधिकारी सचिन नाइक के साथ नियुक्त किया गया है। महेंद्रू गढ़वाल मंडल में सदस्यता अभियान और जिला कांग्रेस कमेटियों के साथ चुनाव को लेकर समन्वय रखेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें