फोटो गैलरी

Hindi Newsबिहार की तरह व्यापक गोलबंदी की जरूरत: नीतीश

बिहार की तरह व्यापक गोलबंदी की जरूरत: नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि देश की मौजूदा परिस्थिति में राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियों से निबटने के लिए प्रगतिशील एवं समाजवादी विचारधारा के लोगों की व्यापक गोलबंदी की जरूरत है। लोकतांत्रिक एवं...

बिहार की तरह व्यापक गोलबंदी की जरूरत: नीतीश
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 20 Jan 2016 07:30 PM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि देश की मौजूदा परिस्थिति में राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियों से निबटने के लिए प्रगतिशील एवं समाजवादी विचारधारा के लोगों की व्यापक गोलबंदी की जरूरत है। लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष ताकतों को मिलकर मौजूदा हालात से निबटते हुए समावेशी विकास, सहिष्णुता, सामाजिक समरसता और सामाजिक न्याय के रास्ते पर देश व समाज को आगे बढ़ाना है।

श्री कुमार बुधवार को जनशक्ति भवन परिसर में भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के नेता स्व. एबी बर्धन की स्मृति में आयोजित सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे। श्री कुमार ने कहा कि आर्थिक उदारीकरण के दौर में जो शक्तियां पनपी हैं, उनसे समाज में असहिष्णुता का वातावरण बना है। यह देश के विकास में बाधक है।

विकास के लिए सभी दलों का पूर्वग्रह त्यागना जरूरी है, अन्यथा हम अपने विचारों को आगे नहीं बढ़ा पाएंगे, लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि आज की स्थिति में बिहार जैसी गोलबंदी की जरूरत है, ताकि वर्तमान चुनौतियों का सामना एकजुट होकर किया जा सके।

राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने मुख्यमंत्री की बातों से सहमति जताते हुए कहा कि हमारा और आपका (समाजवादी व वामदलों) उद्देश्य एक है। जेपी की संपूर्ण क्रांति में समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने की बात है और कम्यूनिस्ट पार्टी भी समतामूलक समाज बनाना चाहती है।

वामदलों का केंद्र की यूपीए सरकार में महत्वपूर्ण योगदान था। आर्थिक मंदी के बावजूद भारत में आर्थिक विकास हुआ और राज्यों को पैसे पंप किए गए। मनरेगा व सर्वशिक्षा अभियान जैसी योजनाएं बनी। आज हमारे आपसी बिखराव के कारण ही देश गलत हाथों में चला गया है। हमारे और आपके बीच कोई दूरी नहीं है। बिहार में जो पराजित हो चुके हैं, उन्हें आज भी खटमल काटता रहता है।

श्री प्रसाद ने जनशक्ति प्रेस के अखबार को साप्ताहिक की जगह दैनिक करने पर बल दिया। उन्होंने एबी बद्र्धन को महान नेता बताया। सीपीआई के राष्ट्रीय सचिव व सांसद डी.  राजा ने कहा एबी बर्धन जन आंदोलनों के प्रति आजीवन समर्पित रहे। देश में सांप्रदायिक फासीवाद का जो खतरा है, उससे निबटने में उनकी बड़ी भूमिका रही है, इसे आगे बढ़ाना है।

सांप्रदायिक शक्तियों की चुनौती से निबटना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के राज्य सचिव सत्यनारायण सिंह ने की। मौके पर राकांपा, भाकपा माले, फॉरवर्ड ब्लॉक, भाकपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें