फोटो गैलरी

Hindi Newsपटना वीमेंस कॉलेज की लड़कियों ने किया हंगामा

पटना वीमेंस कॉलेज की लड़कियों ने किया हंगामा

पटना वीमेंस कॉलेज बुधवार को पूरे दिन हंगामे का केन्द्र बना रहा। इस कॉलेज की लड़कियों ने अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ पहली बार हंगामाई अंदाज में मुंह खोला। कॉलेज प्रशासन के रवैये के खिलाफ लड़कियां सड़क...

पटना वीमेंस कॉलेज की लड़कियों ने किया हंगामा
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 16 Sep 2015 07:07 PM
ऐप पर पढ़ें

पटना वीमेंस कॉलेज बुधवार को पूरे दिन हंगामे का केन्द्र बना रहा। इस कॉलेज की लड़कियों ने अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ पहली बार हंगामाई अंदाज में मुंह खोला। कॉलेज प्रशासन के रवैये के खिलाफ लड़कियां सड़क पर उतर गयी। लड़कियों ने तीन घंटे से अधिक समय तक नारेबाजी की, गेट को झकझोरा और न्याय की मांग की।

लड़कियां राजनीति विज्ञान की एक छात्रा को कॉलेज से निष्कासित किए जाने के विरोध में हंगामा कर रही थीं और उसका फिर से नामांकन करने की मांग कर रही थीं। बताया जाता है कि इस लड़की को कॉलेज प्रशासन ने इसलिए निष्कासित इसलिए कर दिया क्योंकि उसने फेसबुक पर यह जानकारी डाल दी थी कि बीएमसी विभाग के किसी लड़की के साथ शिक्षक ने छेड़खानी की है।

छात्राओं का आरोप था कि बीएमसी के शिक्षक संजय दत्ता द्वारा छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया था। छात्राएं इस शिक्षक के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई करने की मांग कर रही थीं। छात्राएं शिक्षक को गिरफ्तार करने और उसे सजा देने की बात कर रही थीं। बीएमसी की विभागाध्यक्ष मिनती चकलानवीस ने बताया कि बीएमसी की पांच लड़कियों ने शिक्षक द्वारा किये गये व्यवहार को एसएसपी विकास वैभव के समाने रखा भी है। छात्राओं ने कहा कि शिक्षक का व्यवहार सही नहीं रहता था। इस शिकायत के बाद ही कॉलेज प्रशासन द्वारा शिक्षक संजय दत्ता को हटाया गया।

इसके अलावा छात्राएं कॉलेज प्रशासन के तानाशाही रवैये के खिलाफ  भी आंदोलन कर रही थीं। नारेबाजी के दौरान कुछ छात्राएं कॉलेज के परिसर में नारेबाजी कर रही थी तो कुछ परिसर के अंदर। कॉलेज प्रशासन द्वारा गेट बंद कर दिया गया था। न तो बाहर खड़ी किसी छात्रा को अंदर जाने की इजाजत थी और ना ही किसी को बाहर जाने दिया जा रहा था। हंगामे को देखकर कई अभिभावक अपने बच्चों के लेने के लिए पहुंच गए थे।

कुछ देर के बाद कोतवाली थाना प्रभारी, डीएसपी शिवली नोमानी और सिटी एसपी चंदन कुशवाहा ने आकर आंदोलन करने वाली लड़कियों को समझाया। इसके बाद मामला शांत हुआ। हालांकि आंदोलन की शुरुआत एआईएसएस के छात्रों ने की थी और इसके बाद ही पूरा माहौल कॉलेज प्रशासन के खिलाफ हो गया। पुलिस  प्रशासन ने छह लड़कों को गिरफ्तार किया है।

प्राचार्य का कोट
बीएससी की कई छात्राओं द्वारा शिक्षक संजय दत्ता पर जो आरोप लगाया गया था वह सच पाया गया। इसके बाद शिक्षक को हटा दिया गया है।  यह शिकायत दो सितम्बर को मिली थी। जांच के बाद शिक्षक को हटाया गया। किसी लड़की को निष्कासित नहीं किया गया है। लड़की के अभिभावकों से बात हो चुकी है। किसी तरह का विडियो हमलोगों को नहीं मिला है। सिर्फ सूचना मिली है कि व्हाट्सअप पर ऑडियो और विडियो वायरल हुआ है।
डॉ. मेरी जैसी, प्राचार्य, पटना वीमेंस कॉलेज

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें