फोटो गैलरी

Hindi Newsकेंद्र प्रधानमंत्री सिंचाई योजना शुरू करेगा: राधामोहन

केंद्र प्रधानमंत्री सिंचाई योजना शुरू करेगा: राधामोहन

केंद्र सरकार देश में प्रधानमंत्री सिंचाई योजना शुरू करेगी। इसमें जिला स्तर पर सिंचाई परियोजना बनाकर राज्य सरकार को भेजी जाएगी। इसका चयन केन्द्रीय अधिकारियों की उपस्थिति में होगा। इससे सीधे किसानों को...

केंद्र प्रधानमंत्री सिंचाई योजना शुरू करेगा: राधामोहन
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 23 Jun 2015 10:29 PM
ऐप पर पढ़ें

केंद्र सरकार देश में प्रधानमंत्री सिंचाई योजना शुरू करेगी। इसमें जिला स्तर पर सिंचाई परियोजना बनाकर राज्य सरकार को भेजी जाएगी। इसका चयन केन्द्रीय अधिकारियों की उपस्थिति में होगा। इससे सीधे किसानों को फायदा होगा। उक्त बातें केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने सोमवार की रात कही। वे शहर के रोहित इंटरनेशनल होटल में प्रेस प्रतिनिधियों से बात कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि खाद की कमी है। लेकिन, इतनी भी नहीं कि उसके लिए हाय-तौबा मचे। उन्होंने सवाल किया कि अगर खाद की कमी है, तो ब्लैक मार्केट में खाद कहां से उपलब्ध हो जा रही है? देश में करीब 60 उर्वरक उत्पादन इकाइयों के जीर्णोद्धार के लिए केंद्र सरकार पहल कर चुकी है। उन्होंने रोहतास के किसानों का पैक्सों पर बकाया दस करोड़ रुपये, पैक्सों में लूट, अफसरों के धान-गेहूं के घोटालों पर चर्चा की और इसके लिए सीधे तौर पर राज्य सरकार ही दोषी ठहराया।

राजनीतिक मसलो पर मंत्री ने कहा कि बिहार में महागठबंधन अहंकार, भ्रष्टाचार व अपराध का चुनावी गठजोड़ है। कांग्रेस भ्रष्टाचार, नीतीश अहंकार और लालू अपराध के प्रतीक हैं। इन तीनों से बिहार को बचाना होगा। एनडीए की सरकार ही बिहार को विकास के पायदान पर पहुंचा सकती है। एक सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री का चयन संसदीय बोर्ड करता है। बिहार के मामले में भी बोर्ड ही निर्णय लेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए के शासन के दौरान अपहरण की घटनाएं नहीं होती थी। सरकार से भाजपा के अलग होते ही एक साल में सिर्फ 5200 अपहरण हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में दवा घोटाले की जांच सीबीआई से नहीं कराकर नीतीश ने चोरी को छुपाने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि सभी राज्यों को विकास योजनाओं के लिए केन्द्र द्वारा बराबर राशि दी जाती है। उसी राशि से महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश जैसे राज्य विकास योजनाएं पूरी कर लेते हैं, लेकिन बिहार में पैसा कहां जाता है, यह पता ही नहीं चलता है। प्रधानमंत्री जनधन योजना व विश्व योग दिवस का नीतीश कुमार ने विरोध किया है। विश्व के 177 देशों ने योग दिवस मनाने पर हस्ताक्षर किया।  21 जून को 172 देशों के लोगों ने योग दिवस मनाया। ऐसे में बिहार के सीएम का इसका विरोध करना कितना उचित है, यह सूबे की जनता ही तय करेगी।

विधान परिषद चुनाव के दौरान गड़बड़ी की आशंका जताते हुए उन्होंने कहा कि निरक्षर जनप्रतिनिधियों की सूची मतदान केन्द्रों के पीठासीन पदाधिकारियों के पास होनी चाहिए। ताकि मतदान के लिए उनके साथ जानेवाले सहयोगी की पहचान हो सके। उन्होंने कहा कि मतदान के सहयोगी की निर्धारित उम्र पर भी ध्यान रखना होगा। केंद्रीय मंत्री के साथ भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष निवेदिता सिंह सहित कई अन्य नेतागण मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें