बिहार में जल्द शुरू होगा शीर्ष कांग्रेस नेताओं का दौरा
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा है कि बिहार में पार्टी को धारदार बनाया जाएगा। इसके लिए राज्य में जल्द ही पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत शीर्ष नेताओं का दौरा शुरू...
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा है कि बिहार में पार्टी को धारदार बनाया जाएगा। इसके लिए राज्य में जल्द ही पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत शीर्ष नेताओं का दौरा शुरू होगा। प्रदेश में महिला कांग्रेस को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाया जाएगा और वे खुद अगले माह से राज्य के विभिन्न इलाकों का दौरा शुरू करेंगी।
श्रीमती ओझा ने ये बातें सोमवार को एक होटल में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में कही। उन्होंने बताया कि भाजपा और मोदी सरकार को चंद महीनों में ही जनता पहचान चुकी है। इस सरकार के कार्यकलापों को एक्सपोज किया जाएगा। बिहार समेत सभी राज्यों में पार्टी संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। एक सवाल पर कहा कि राबर्ट वाड्रा कानून से ऊपर नहीं हैं। सरकार चाहे तो उनके मामले की जांच करा सकती है।
उन्होंने कहा कि महंगाई से महिला अत्याचार तक सभी मोर्चे पर मोदी सरकार विफल साबित हुई है। निर्भया कांड को केंद्रीय मंत्रियों द्वारा मामूली केस कहना और इससे पर्यटन उद्योग को नुकसान पहुंचने की बात कहने से पूरा देश शर्मसार हुआ है। साथ ही सरकार की महिला के प्रति संवेदनशून्यता जाहिर हो गई। केवल चंद कॉरपोरेट घरानों का विकास हो रहा है। प्रेस वार्ता में पार्टी की राष्ट्रीय सचिव प्रतिमा सिंह और प्रदेश महिला अध्यक्ष अमिता भूषण के आलावा दर्जनों महिला नेत्रियां मौजूद थीं।