फोटो गैलरी

Hindi Newsनगर निकायों में होगी इंजीनियरों की नियमित बहाली

नगर निकायों में होगी इंजीनियरों की नियमित बहाली

राज्य के शहरों में विकास को गति देने के लिए सरकार का जोर मानव संसाधन को मजबूत बनाने पर है। इसके तहत सभी नगर निकायों में इंजीनियरों की नियमित बहाली होगी। इसके लिए पदसृजित कर लिए गए हैं। कुछ दिन पहले...

नगर निकायों में होगी इंजीनियरों की नियमित बहाली
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 15 Feb 2016 09:08 PM
ऐप पर पढ़ें

राज्य के शहरों में विकास को गति देने के लिए सरकार का जोर मानव संसाधन को मजबूत बनाने पर है। इसके तहत सभी नगर निकायों में इंजीनियरों की नियमित बहाली होगी। इसके लिए पदसृजित कर लिए गए हैं। कुछ दिन पहले मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई प्रशासी पदवर्ग समिति की बैठक में इसको हरी झंडी दी गई है।

अब नगर विकास एवं आवास विभाग इंजीनियरों का अपना कैडर तैयार करने की प्रक्रिया में जुटा है। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद शहरी अभियंत्रण संगठन के पुनर्गठन का प्रस्ताव कैबिनेट भेजा जाएगा। कैबिनेट की मुहर लगने पर अधिसूचना जारी होगी। इस पर प्रतिवर्ष 45 करोड़ रुपए खर्च का अनुमान है।  

प्रक्रिया की शुरुआत गत 22 दिसम्बर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ समीक्षा बैठक में ही हो गई थी। उन्होंने न सिर्फ विभाग को अपना अभियंत्रण संगठन बनाने का निर्देश दिया था, बल्कि मुख्य सचिव को राह की अड़चनों को दूर करने को कहा था। हाल में जब संविदा और दूसरे विभागों से प्रतिनियुक्ति पर आकर काम कर रहे इंजीनियरों की प्रतिनियुक्ति अवधि बढ़ाने का मामला आया तो सीएम ने पुन: विभाग को अपना कैडर बनाने की ताकीद की। फिलहाल यहां के सभी अभियंता दूसरे विभागों से प्रतिनियुक्ति से आकर काम कर रहे हैं।

39 कार्यपालक अभियंताओं की होगी तैनाती : पदसृजन के बाद नगर निकायों के लिए कुल 39 कार्यपालक अभियंता के पद रखे गए हैं। इनमें पटना को छोड़कर बाकी 10 नगर निगमों, जिला मुख्यालयों वाली 25 नगर परिषदों और एक लाख से अधिक आबादी वाली 4 अन्य नगर परिषदों के लिए एक-एक कार्यपालक अभियंता होंगे।

52 टाउन प्लानर के पद भी सृजित : शहरी संरचना को सुव्यवस्थित रखने के लिए 52 टाउन प्लानर के पद भी सृजित किए गए हैं। इनमें 10 नगर निगमों, जिला मुख्यालयों वाली 25 नगर परिषदों और 17 अन्य नगर परिषदों के लिए एक-एक टाउन प्लानर होंगे।

68 सहायक अभियंता होंगे बहाल : पटना छोड़कर शेष 10 नगर निगमों के लिए 2-2 और जिला मुख्यालयों वाली 25 नगर परिषदों, 17 अन्य नगर परिषदों, एक लाख की आबादी वाली चार नगर परिषदों और बांका-शिवहर जैसे जिला मुख्यालय वाली दो नगर पंचायतों के लिए एक-एक यानी कुल 68 सहायक अभियंता बहाल होंगे।

कुल 340 कनीय अभियंता होंगे नियुक्त : 10 नगर निगमों के लिए 4-4, जिला मुख्यालयों वाली 25 नगर परिषदों और 17 अन्य नगर परिषदों के लिए 3-3 और सभी 87 नगर पंचायतों के लिए 2-2 यानी कुल 340 कनीय अभियंता बहाल होंगे।

प्रधान लिपिक और अन्य कर्मी भी बहाल होंगे : इसके साथ ही सभी 39 कार्यपालक अभियंताओं के लिए एक-एक यानी 39 प्रधान लिपिक और 2-2 लोअर डिविजन क्लर्क (एलडीसी) बहाल होंगे। इनके अलावा संविदा पर 142 मल्टीपरपस वर्कर के पद भी स्वीकत किए गए हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें