फोटो गैलरी

Hindi Newsचंडी में बंधक बनाकर डेढ़ लाख की डकैती

चंडी में बंधक बनाकर डेढ़ लाख की डकैती

चंडी थाना क्षेत्र के सैदबहरी गांव में रविवार की रात डकैतों ने जमकर तांडव मचाया। डकैतों ने घर के पास स्थित खलिहान में सो रहे दो ग्रामीणों को बंधक बना घर की महिलाओं से मारपीट की। इसके बाद घर में रखे...

चंडी में बंधक बनाकर डेढ़ लाख की डकैती
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 04 Jan 2016 11:11 PM
ऐप पर पढ़ें

चंडी थाना क्षेत्र के सैदबहरी गांव में रविवार की रात डकैतों ने जमकर तांडव मचाया। डकैतों ने घर के पास स्थित खलिहान में सो रहे दो ग्रामीणों को बंधक बना घर की महिलाओं से मारपीट की। इसके बाद घर में रखे जेवर सहित करीब डेढ़ लाख का सामान लूटकर आराम से चलते बने। डकैतों ने दूसरी गली में खड़े टेम्पो का टायर भी खोल लिया। पुलिस ने जांच के दौरान गांव के बाहर के खेत से बक्सा बरामद कर लिया है।

खलिहान में सो रहे ग्रामीणों से की मारपीट
गृहस्वामी रिटायर्ड शिक्षक अवध किशोर प्रसाद ने बताया कि आधी रात के करीब नौ की संख्या डकैतों ने खलिहान में सो रहे दो ग्रामीणों संजीव कुमार और मनोज कुमार को पकड़ लिया। उनके साथ मारपीट भी की। इसके बाद हाथ-पांव बांध दिया। डकैतों ने उन्हें धमकी दी कि हल्ला किया तो जान से मार देंगे। दीवार फांदकर घर में घुस गये और दरवाजा खोल लिया। परिवारवालों के जागने पर 105 वर्षीया मां मरछिया देवी के अलावा सविता देवी, सुष्मिता कुमारी व छोटे भाई मुन्ना को मारपीट कर जख्मी कर दिया।

डकैतों के हाथ में रड और लाठी-डंडे थे। घर से अटैची और बक्सा सहित अन्य सामान लेकर आराम से निकल भागे। घायलों का इलाज हिलसा अस्पताल में किया गया है। उन्होंने बताया कि घर की महिला जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। समूह का पैसा घर में लाने वाली थी। अगर घर में पैसा रहता तो अधिक नुकसान होता।

बक्सा और अटैची मिली खेत में
रविवार की रात ही गांव के विद्यानंद रजक का माल ढोने वाले टेम्पो का टायर भी डकैतों ने खोल लिया। घटना की सूचना पर हिलसा डीएसपी प्रवेन्द्र भारती, चंडी थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। छानबीन के दौरान अटैची व बक्सा गांव के पास अहरा खंधा में मिला। दोनों का कुंडी टूटी हुई थी और अंदर रखे सामान गायब थे। डीएसपी ने बताया कि कुल मिलाकर 15-20 हजार की सम्पति गायब होने का अनुमान है। डकैत स्थानीय हैं जिन्हें परिवार के बारे में जानकारी थी। मामले की छानबीन की जा रही है।

मानपुर में बंधक बनाकर ठेकेदार से लूट
मानपुर। एक संवददाता। जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के महल पर-तेतरावां मुख्य मार्ग पर गोइठवा नदी के पास रविवार की देर शाम में सशस्त्र अपराधियों ने एक ठेकेदार को बंधक बनाकर लूटपाट की। विरोध करने पर पेड़ में बांधकर पिटाई भी की। लुटेरों ने नकद, मोबाइल व साइकिल लूट ली।

विष्णुपुर निवासी बालगोपाल चौहान ने बताया कि देर शाम में वे बिहारशरीफ से साइकिल से घर लौट रहे थे। गोइठवा नदी पुल पार कर बजरंग बली चौक के पास जैसे ही पहुंचे, घात लगाये पांच अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। एक अपराधी के पास पिस्तौल व अन्य के पास डंडे थे। लुटेरों ने जबरन उनसे पैसे छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट की। इससे भी मन नहीं भरा तो सड़क किनारे पेड़ में उन्हें बांध दिया और पैकेट से दस हजार, मोबाइल व साइकिल ले ली।

थोड़ी देर बाद ही जिस जगह पर उन्हें पेड़ में बांधकर अपराधी लूटपाट कर रहे थे, वहां मैजिक गाड़ी आकर रुकी। इससे घबराकर सभी बदमाश भाग निकले। बाद में मैजिक गाड़ी से उतरे स्थानीय लोगों उन्हें बंधन मुक्त कर घर पहुंचाया। गोपाल ने बताया कि ठेकेदारी के सिलसिले में हर दिन बिहारशरीफ आना-जाना लगा रहता है। गांव से नजदीक होने के कारण बिहारशरीफ साइकिल से ही जाते हैं। कभी-कभार लौटने में देर भी हो जाती है। इधर, मानपुर के थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें नहीं है।

गोइठवा नदी पुल पर कई बार हो चुकी हैं घटनाएं
राजेंद्र कुमार, गौतम कुमार, मुकेश कुमार व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गोइठवा नदी पुल पर कई बार लूटपाट की घटनाएं हो चुकी हैं। खासकर जाड़े के दिनों में घटनाएं ज्यादा होती हैं। बिहारशरीफ से नजदीक होने के कारण इस रास्ते पर देर रात तक लोगों का आवागमन रहता है। लूटपाट की बढ़ती घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें