फोटो गैलरी

Hindi Newsबिहार से नहीं भेजा गया एक भी केंद्रीय विद्यालय का प्रस्ताव

बिहार से नहीं भेजा गया एक भी केंद्रीय विद्यालय का प्रस्ताव

केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने में रुचि नहीं ले रही है। दूसरे राज्यों से जहां 165 केंद्रीय विद्यालय के प्रस्ताव आए हैं, वहीं बिहार...

बिहार से नहीं भेजा गया एक भी केंद्रीय विद्यालय का प्रस्ताव
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 22 Jun 2016 03:07 PM
ऐप पर पढ़ें

केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने में रुचि नहीं ले रही है। दूसरे राज्यों से जहां 165 केंद्रीय विद्यालय के प्रस्ताव आए हैं, वहीं बिहार से एक भी केंद्रीय विद्यालय का प्रस्ताव नहीं आया। 

हिन्दुस्तान से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति जल्द आएगी। इसके तहत कौशल विकास और नैतिक शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा। नई शिक्षा नीति के लिए देश के हर गांव से सुझाव लिया गया है। इसके अलावा हर राज्य की सरकारों से भी इसके बारे में राय मांगी गई थी। जो नीति बनेगी, वह युवाओं की आवश्यकता के अनुसार होगी। इसका प्रारूप सभी के लिए है। 

मंत्री ने कहा कि बिना जमीन मिले हम केंद्रीय विश्वविद्यालय नहीं खोल सकते। बिना जमीन के केंद्रीय विद्यालय खोलकर हम भुगत रहे हैं। बिहार के डेढ़ दर्जन केंद्रीय विद्यालय कई सालों से अस्थाई भवन में चल रहे हैं। बिहार सरकार ने उन्हें आज तक जमीन नहीं दी। अगर हम अस्थाई परिसर में केंद्रीय विवि खोल दें तो क्या गारंटी है कि राज्य सरकार उसके लिए जल्द जमीन दे देगी। बिहार के शिक्षा मंत्री डॉ. अशोक चौधरी द्वारा केंद्रीय विवि के लिए केंद्र को जमीन देने की बात पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसी एक राज्य के लिए देश की नीति नहीं बदल सकती है। दूसरे राज्य जमीन खोज लेते हैं, लेकिन बिहार सरकार जमीन नहीं ढूंढ पा रही है। और तो और, राज्य सरकार ने सर्व शिक्षा अभियान का हिसाब तक नहीं दिया। इसलिए केंद्र से नया बजट पास नहीं हो रहा है।

यूपी चुनाव में भाजपा से गठबंधन अभी तय नहीं: कुशवाहा
केंद्रीय मंत्री एवं रालोसपा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी सशक्त होकर मौजूद रहेगी। इसके लिए वहां संगठन का विस्तार किया जा रहा है। लेकिन भाजपा से गठबंधन होगा या नहीं, यह अभी तय नहीं है। पूरे बिहार में भी सांगठनिक चुनाव होंगे और सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री बनने के ख्वाब छोड़ दें, क्योंक कई साल तक अभी वेकेंसी नहीं है। वह बिहार को ही ठीक से संभाल लें तो बड़ी बात होगी। अभी बिहार में आतंक राज की स्थापना हो गई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें