बिहार-झारखंड की 18 बेटियां दौड़ा रहीं ट्रेन
बिहार और झारखंड की 18 बेटियां फर्राटे से ट्रेन दौड़ा रही हैं। पटरियों पर उन्हें ट्रेन चलाते देख बाकी महिलाएं भी खुद को गौरवान्वित महसूस करती हैं। वे महिलाओं की आईकॉन बन गई हैं। परिवार के लिए कुछ करने...

बिहार और झारखंड की 18 बेटियां फर्राटे से ट्रेन दौड़ा रही हैं। पटरियों पर उन्हें ट्रेन चलाते देख बाकी महिलाएं भी खुद को गौरवान्वित महसूस करती हैं। वे महिलाओं की आईकॉन बन गई हैं। परिवार के लिए कुछ करने गुजरने का जज्बे के साथ लोको पायलट बनीं महिलाओं में अधिकांश गरीबी के बीच पली बढ़ी हैं। रेल विभाग को भी इन पर गर्व है और ये महिला सशक्तीकरण की मिसाल बन गई हैं।
पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर जोन के समस्तीपुर रेल मंडल में सबसे अधिक 6 लोको पायलट व सहायक लोको पायलट कार्यरत हैं। सोनपुर, धनबाद और दानापुर रेल मंडल में क्रमश: 5, 4 और 3 महिला लोको पायलट व सहायक लोको पायलट पदस्थापित हैं। खास बात यह कि बड़े भू भाग में फैले मुगलसराय रेल मंडल में अभी एक भी महिला लोको पायलट पदस्थापित नहीं हैं। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरविंद कुमार रजक ने बताया कि दानापुर रेल मंडल में लोको पायलट गुड्डू कुमारी, माधुरी कुमारी और रिचा कुमारी कार्यरत हैं।
सोनपुर रेल मंडल के मुजफ्फरपुर क्रू लॉबी में लोको पायलट शोभा कुमारी, सोनपुर में शिल्पा कुमारी, नैंसी कुमारी, सिम्पी कुमारी और मधु कुमारी पदस्थापित हैं। धनबाद रेल मंडल के धनबाद स्टेशन पर लोको पायलट रिचा कुमारी, जानकी बल्लभ बारी, माया कुमारी और बोकारो जंक्शन पर प्रियंका कुमारी कार्यरत हैं। समस्तीपुर रेल मंडल के समस्तीपुर स्टेशन पर लोको पायलट व सहायक लोको पायलट संयुक्ता कुमारी, चंदा कुमारी, गीता कुमारी, नेहा आनंद और सहरसा स्टेशन पर पिंकी कुमारी पदस्थापित हैं।
सीपीआरओ ने कहा कि बिहार और झारखंड के विभिन्न रेलखंडों पर ट्रेन चला रहीं इन लोको पायलट पर रेल विभाग को गर्व है। रेल अधिकारियों की मानें तो इनमें से कई महिला लोको पायलट की इच्छा अब बुलेट ट्रेन चलाने की है। 18 में से एक सहायक लोको पायलट कंचन कुमारी पदस्थापन के इंतजार में है। ये अभी समस्तीपुर क्रू लॉबी में कार्यरत हैं।
6 महिला गुड्स गार्ड को देखने जुट जाती भीड़: 6 महिला गुडस गार्ड को बिहार और यूपी के रेलखंडों में मालगाड़ी से हरी झंडी दिखाते लोगों की भीड़ जुट जाती है। गुड्स गार्ड गीता भट्टाचार्य मुगलसराय स्टेशन, बबीता सिन्हा दानापुर स्टेशन और दीप्ति कुमारी समस्तीपुर स्टेशन पर पदस्थापित हैं।
कटिहार मंडल में ट्रेन चला रहीं तीन महिलाएं: कटिहार मंडल में तीन महिलाएं ट्रेन चला रही हैं। इसमें यूपी की रहने वाली दो महिला लोको पायलट मालदा लॉबी में कार्यरत अर्चना श्रीवास्तव, कटिहार स्टेशन पर पदस्थापित यूपी की ही अंजलि तिवारी और बिहार के लखीसराय की बेटी प्रियंका कुमारी हं। एनजेपी (न्यू जलपाईगुड़ी) लॉबी में तीन महिला लोको पायलट कार्यरत है।