फोटो गैलरी

Hindi Newsसंविधान से छेड़छाड़ कर रहे बीजेपी के लोग: शरद यादव

संविधान से छेड़छाड़ कर रहे बीजेपी के लोग: शरद यादव

भारतीय जनता पार्टी के लोग संविधान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। कभी लव जेहाद के नाम पर, तो कभी घर वापसी के नाम पर सामाजिक समरसता बिगाड़ रहे हैं। भाजपा की सरकार में कानून भी खतरे में है। आरएसएस के इशारे पर...

संविधान से छेड़छाड़ कर रहे बीजेपी के लोग: शरद यादव
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 07 Oct 2015 10:42 PM
ऐप पर पढ़ें

भारतीय जनता पार्टी के लोग संविधान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। कभी लव जेहाद के नाम पर, तो कभी घर वापसी के नाम पर सामाजिक समरसता बिगाड़ रहे हैं। भाजपा की सरकार में कानून भी खतरे में है। आरएसएस के इशारे पर ये लोग काम कर रहे हैं। 90 प्रतिशत मंत्री आरएसएस का संघ चालक हैं। इन्हें देश की तरक्की या खुशहाली से कोई लेना-देना नहीं, बस अपने फायदे से मतलब है। ये बातें बुधवार को श्रम कल्याण केन्द्र के मैदान में जदयू प्रत्याशी असगर शमीम के नामांकन के बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने कहीं।

शरद यादव ने कहा कि देश उसूल से चलता है, झूठे वादों से नहीं। मोदी को प्रधानमंत्री बने 18 माह बीत चुके, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। कहा था कि हर वर्ष दो करोड़ बेरोजगारों को नौकरी देंगे। हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख आएगा। इसके मुकाबले में नीतीश कुमार ने जो कहा वह कर दिखाया। अपने कार्यकाल में 16 हजार पांच सौ किलोमीटर लम्बी सड़कों का जाल बिछाया। स्कूली बच्चों की पोशाक, साइकिल, छात्रवृत्ति व अन्य प्रकार की योजनाएं चलाईं।

वर्ष 2005 में नौवीं कक्षा में एक लाख 70 हजार बच्चियां स्कूल जाती थीं। अब यह आंकड़ा आठ लाख पन्द्रह हजार पहुंच गया है। इसके बावजूद भाजपा वालों को विकास नहीं दिखता है, तो उन्हें अपनी आंख की जांच करवानी चाहिए। लोहिया व कर्पूरी के आदर्शों पर चलने वाले नीतीश कुमार ने सम्भाव से सभी मजहब का विकास किया है। फिर भी भाजपा वाले कभी सीना तोड़ देने की तो कभी डीएनए में गड़बड़ी की बात कह कर बिहारवासियों का अपमान करते हैं।

सामाजिक न्याय के लिए हर समय साथ रहने वाले नीतीश को सामंतवादी ताकतें कमजोर करने की साजिश रच रही हैं। लोकतंत्र बोली से चलता है। बोली सच्ची न हो तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाता है। जनता भाजपा वालों के खेल को समझ चुकी है। भारत विश्व का एकमात्र ऐसा देश है जहां सारे धर्म के लोग एक साथ रहते हैं। नीतीश कुमार ने सभी धर्मों के साथ हमेशा सम्भाव रखा। विकास की नई रूपरेखा बनायी।

हाथ, हथियार और रोशनी हुई साथ, तो जरूर मिलेगा न्याय
उन्होंने कहा कि हाथ, हथियार व रोशनी जब साथ हैं तो समाज के सबसे पिछले आदमी को सामाजिक न्याय जरूर मिलेगा। गरीब व दलितों के साथ न्याय के साथ विकास किया जाएगा। बिना किसी का नाम लिए बदलू राम व पलटू राम को सबक सिखाने की बात कही। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, ई. सुनील कुमार, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार, राजू यादव व अन्य मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें