फोटो गैलरी

Hindi Newsलड़ाई से पहले सबकी सेना हो रही तैयार

लड़ाई से पहले सबकी सेना हो रही तैयार

बिहार विधानसभा चुनाव करीब आने के साथ ही राज्य के सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी-अपनी सेना को कसने और उन्हें सभी मोर्चों पर चुस्त बनाने में जुट गए हैं। सभी दल इसके लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर रहे...

लड़ाई से पहले सबकी सेना हो रही तैयार
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 20 Jun 2015 05:14 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार विधानसभा चुनाव करीब आने के साथ ही राज्य के सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी-अपनी सेना को कसने और उन्हें सभी मोर्चों पर चुस्त बनाने में जुट गए हैं। सभी दल इसके लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। जदयू प्रकोष्ठों का सम्मेलन कर रहा है तो राजद प्रमंडलवार पार्टी सम्मेलन।

भाजपा महासंपर्क अभियान और विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन कर रही है। राजनीतिक दलों के इन कार्यक्रमों में मोर्चा पर विरोधी सेना का मुकाबला करने और वोटरों को अपने दल-गठबंधन के पक्ष में प्रेरित करने के गुर सिखाए जा रहे हैं। साथ ही गठबंधन की आवश्यकता और उसके महत्व भी बताए जा रहे हैं। लड़ाई का मोर्चा करीब है, जाहिर है अपनी-अपनी सेना पर ही गठबंधनों का भविष्य निर्भर करेगा।  

कार्यक्रमों से जदयू ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा
लोकसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद छोड़कर जीतन राम मांझी को सरकार की कमान सौंप दी थी। उसके बाद खुद को संगठन को मजबूत करने में केन्द्रित कर लिया। विधानसभा चुनाव के लिए अपने कार्यकर्ताओं को तैयार करने में लग गये। यह सिलसिला अभी तक जारी है।

बीच में जदयू कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया गया तो प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर उन्हें चुनाव के लिए टिप्स दिये गये। उन्होंने 18 सितम्बर 2014 से कार्यकर्ताओं से विमर्श शुरू किया था। यह कार्यक्रम 9 अक्टूबर तक चला। इस अवधि में सभी जिलों के कार्यकर्ताओं से वह सीधे मुखातिब हुए। कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी लिया गया। पार्टी को मजूबत करने के लिए टिप्स दिये गये। इसके बाद पार्टी की राजनैतिक सलाहकार समिति से बात की। जदयू ने 20 अक्टूबर 2014 को  गांधी मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया था। उस सम्मेलन के बहाने पार्टी ने चुनावी जोश भरने की पहल की। 14 मार्च 2015 को भूमि अधिग्रहण कानून के विरोध में श्री कुमार उपवास पर बैठे। इस बहाने उन्होंने पार्टी को नया चुनावी मसला थमाने का प्रयास किया। बीच में संपर्क यात्रा कर एक बार फिर कार्यकर्ताओं से मुखातिब हुए। पार्टी का यह सिलसिला अभी थमा नहीं और 13 जून से जिले के नेताओं से अलग-अलग बात शुरू हुई। शुक्रवार को इस कड़ी का अंतिम आयोजन किया गया। अब आगे की शुरुआत होगी।

राजद ने शुरू की कार्यकर्ताओं की गोलबंदी
राजद ने पार्टी कार्यकर्ताओं को गोलबंद करना शुरू कर दिया है। पार्टी की प्रमंडलवार कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत 15 जून से हो चुकी है। पटना प्रमंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद शुक्रवार को मगध प्रमंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गयी। दोनों सम्मेलनों में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को पटना बुलाकर सीधी बातचीत की।
 
पार्टी कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया कि वे चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। भाजपा को हर हाल में हराना है। जदयू-राजद-कांग्रेस व राकांपा गठबंधन के नेता नीतीश कुमार घोषित किए गए है। भाजपा के पास कोई विकल्प नहीं है। कार्यकर्ता एकजुट हों, फिर से बहुमत हासिल होगा। इसके बाद मुजफ्फरपुर प्रमंडल के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन 20 जून को मुजफ्फरपुर में तथा 21 जून को छपरा में आयोजित किया जाएगा।

भाजपा का महासम्पर्क और विधान सभा क्षेत्र सम्मेलन
बिहार भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को महासम्पर्क अभियान और योग के सहारे मोटिवेट और चार्ज कर रही है। महासम्पर्क अभियान के तहत जहां सदस्य बने नए कार्यकर्ताओं के घर-घर पार्टी पहुंच रही है वहीं पार्टी ने अपने सभी शीर्ष नेताओं के साथ करीब दर्जनभर केन्द्रीय मंत्रियों को विधानसभा सम्मेलन में उतार दिया है। पार्टी का महासम्पर्क अभियान 31 जुलाई तक चलेगा। 21 जून को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पटना में योग शिविर और प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करेंगे।

विधानसभा सम्मेलनों की कड़ी में शनिवार 20 जून को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेन्द्र यादव बेतिया में, केन्द्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह मोतिहारी में, साध्वी निरंजना ज्योति चिरैया में, सांसद डां. सीपी ठाकुर सीतामढ़ी में, सांसद नित्यानंद राय डुमरांव में, सांसद मनोज तिवारी एवं सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल माझी में, केन्द्रीय मंत्री रामकृपाल यादव मटिहानी में, पूर्व केन्द्रीय मंत्री हुकुमदेव नारायण यादव पिपरा में, पूर्व सांसद उदय सिंह वायसी में, झारखंड सरकार के मंत्री राज पलिवार अमरपुर में, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन एवं सांसद ओम प्रकाश यादव, सांसद जनक चमार औरंगाबाद में, प्रदेश अध्यक्ष मंगल पाण्डेय एवं विधानसभा के उपाध्यक्ष अमरेन्द्र प्रताप सिंह लालगंज में, सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल वैशाली में विधानसभा सम्मेलनों को सम्बोधित करेंगे। 21 जून को केन्द्रीय मंत्री रामकृपाल यादव सुगौली में, सांसद मनोज तिवारी दरौली में, सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल बनियापुर में, केन्द्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री हुकुमदेव नारायण यादव कल्याणपुर में, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन बेलसंड में, केन्द्रीय मंत्री साध्वी निरंजना ज्योति एवं पूर्व विधायक चन्द्रमुखी रीगा एवं बथनाहा में, लूईस मरांडी एवं राम नारायण मंडल कटोरिया में आयोजित विधानसभा सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें