बरेली कॉलेज के छात्र रहे विशाल विजय कुमार की स्क्रिप्ट पर आधारित फिल्म रामभजन जिंदाबाद में मशहूर अभिनेता ओमपुरी अभिनय करते नजर आएंगे। जनवरी में रिलीज होने वाली इस फिल्म के गाने भी विशाल ने लिखे हैं।
थैंक्स मां, कोयलांचल, चितकबरे, विकल्प, ग्लोबल बाबा, घायल वंस अगेन और किरकिट जैसी फिल्मों की स्क्रिप्ट लिख चुके विशाल अब फिर से अपना जादू बिखेरने जा रहे हैं। उनकी लिखी नई फिल्म रामभजन जिंदाबाद को रंजीत गुप्ता ने डायरेक्ट किया है। इस कॉमेडी फिल्म में ओमपुरी के साथ कुलभूषण खरबंदा, अभय जोशी और चक दे इंडिया फेम सीमा आजमी अभिनय करते नजर आएंगे।
सुभाषनगर के रहने वाले विशाल को पहला ब्रेक एकता कपूर ने दिया था। एकता ने उनसे ‘कहानी घर-घर की और ‘कुमकुम के एपिसोड लिखवाए थे। विशाल ने 2009 में ‘थैंक्स मां फिल्म की कहानी लिखी थी। इस फिल्म को नेशनल अवार्ड मिला था। विशाल के पापा विजय कुमार नलकूप विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं और मां मंगला हाउसमेकर हैं। यह दोनों ही लोग विशाल के साथ मुंबई में रहते हैं।