फोटो गैलरी

Hindi Newsganesh chaturthi on september 5th

गणेशोत्सव (5 सितंबर) पर विशेष-गाइए जय गणपति जगवंदन

भारतीय अध्यात्म में मनुष्य की भावना और बुद्धि दोनों में सामंजस्य को अत्यधिक महत्व दिया गया है। कारण यह है कि मनुष्य की भावनाएं सत्य से परे जाने का कभी प्रयास नही करतीं और मनुष्य की बुद्धि सदैव...

गणेशोत्सव (5 सितंबर) पर विशेष-गाइए जय गणपति जगवंदन
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 29 Aug 2016 10:09 PM
ऐप पर पढ़ें

भारतीय अध्यात्म में मनुष्य की भावना और बुद्धि दोनों में सामंजस्य को अत्यधिक महत्व दिया गया है। कारण यह है कि मनुष्य की भावनाएं सत्य से परे जाने का कभी प्रयास नही करतीं और मनुष्य की बुद्धि सदैव समयानुसार शक्ति का उपयोग कर आसुरी और नकारात्मक प्रवृत्तियों के अंत हेतु प्रयासरत रहती हैं। सतयुग में सत्य के प्रतिनिधि देव, महादेव यानी शिव और उनकी अर्द्धांगिनी शक्ति स्वरूपा मां पार्वती की संतान के रूप में जब गजानन का अवतरण हुआ तो इसका उद्देश्य यही था कि मानव मात्र के जीवन में जब भी सत्य मन और शक्ति को लेकर असंतुलन होगा और जीवन में बाधाएं आएंगी तो उसके निवारण का सारा उत्तरदायित्व भगवान श्रीगणेश का ही होगा।

शास्त्रों में गणेश जी को 'एकदंतो महबुद्धि:' कहा गया है। एकदंत श्री गणेश अपने भक्त की समस्या के समूल नाश के लिए उसे मानसिक एकाग्रता और शांति भी प्रदान करते हैं। गणेश चतुर्थी की रात्रि को चंद्र दर्शन को निषिद्ध माना गया है। इस दिन चंद्र दर्शन करने से चोरी और अनैतिक कृत्य का मिथ्या आरोप लगता है। कृष्ण भगवान पर भी चंद्र दर्शन करने के कारण द्वापर युग मे ऐसा ही आरोप लगा था। यदि दर्शन हो जाए तो 'शमंत कोप' की कथा का श्रवण करें।

गणेश जी का स्वरूप है सफलता का मार्ग
गणेश जी का स्वरूप कुछ ऐसा है कि मनुष्य अपने व्यक्तित्व में सुधार के लिए इनसे प्रेरणा ले सकता है:
1. गणेश जी को शूर्प कर्ण कहा जाता है। गणेश जी के कान सूप जैसे हैं। सूप का कार्य है सिर्फ ठोस धान को रखना और भूसे को उड़ा देना, अर्थात आधारहीन बातों को वजन न देना। कान से सुनें सभी की, लेकिन उतारें अंतर में सत्य को।
2. गणेश जी की आंखें सूक्ष्म हैं, जो जीवन में सूक्ष्म दृष्टि रखने की प्रेरणा देती हैं। नाक लंबी और बड़ी है, जो बताती है कि घ्राण शक्ति अर्थात सूंघने की शक्ति- जिससे तात्पर्य परिस्थिति और समस्याओं से है- सशक्त होनी चाहिए। मनुष्य को सूक्ष्म प्रकृति का होना चाहिए, विपदा को दूर से ही सूंघ लेने की सामर्थ्य होनी चाहिए।
3. गणेशजी के दो दांत हैं। एक अखंड और दूसरा खंडित। अखंड दांत श्रद्धा का प्रतीक है यानी श्रद्धा हमेशा बनाए रखनी चाहिए। खंडित दांत है बुद्धि का प्रतीक। इसका तात्पर्य है एक बार बुद्धि भले ही भ्रमित हो, लेकिन श्रद्धा न डगमगाए।
राशि के अनुसार करें पूजन
राशि के अनुसार गणेश जी के मंत्रों का उच्चारण करते हुए गणेश चतुर्थी के दिन दूर्वा और पुष्प अर्पित करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती है और सभी बाधाओं का शमन होता है-
मेष: ऊं हेरम्बाय नम:।
वृषभ: ऊं श्री निधिये नम:।
मिथुन: ऊं वक्रतुंडाय नम:।
कर्क: ऊं शम्भु पुत्राय नम:।
सिंह: ऊं रक्त वाससाय नम:।
कन्या: ऊं शूर्पकर्णकाय नम:।
तुला: ऊं श्रीमतये गणेशाय नम:।
वृश्चिक: ऊं अंगारकाय श्री गणेशाय नम:।
धनु: ऊं गणाधिपतये नम:।
मकर: ऊं नील लम्बोदराय नम:।
कुंभ: ऊं व्रातपतये नम:।
मीन: ऊं वरदमूर्तये नम:।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें