फोटो गैलरी

Hindi Newsतृणमूल ने अपने पतन की पटकथा खुद लिखी : स्मृति

तृणमूल ने अपने पतन की पटकथा खुद लिखी : स्मृति

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने अपने पतन की पटकथा खुद ही लिखी है। शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के मालदा में चुनावी रैली को संबोधित करते...

तृणमूल ने अपने पतन की पटकथा खुद लिखी : स्मृति
एजेंसीFri, 15 Apr 2016 08:58 PM
ऐप पर पढ़ें

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने अपने पतन की पटकथा खुद ही लिखी है। शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के मालदा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने वाम दल व कांग्रेस के गठबंधन पर भी निशाना साधा।
मानव संसाधन विकास मंत्री ने कहा, 'आज बंगाल में पंजा (कांग्रेस का चुनाव चिह्न) लाल सलाम कर रहा है और रैलियों मंे लाल झंडे उठा रहा है। उनका केवल एक एजेंडा है, किसी भी तरह राज्य की सत्ता हथियाना।'

इंग्लिश बाजार से भाजपा उम्मीदवार सुमन बनर्जी के समर्थन में आयोजित रैली में स्मृति ने कहा कि लोगों को यह सोचना चाहिए कि 'मां-माटी-मानुष' की सरकार ने उन्हें क्या दिया है। उन्होंने सवाल किए, 'बंगाल में क्या बदला है? क्या आप यही बदलाव चाहते थे?'

स्मृति ने आगे कहा कि राज्य में बेरोजगारों के लिए कोई काम नहीं हुआ। किसानों को उनके खेत सींचने के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलता। मां-माटी-मानुष की इस सरकार ने अपना पतन खुद लिखा है। उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था की आलोचना करते हुए दावा किया कि राज्य में महिलाओं का उत्पीड़न होता है और वे सम्मान का जीवन नहीं जी सकतीं। बच्चियां तक असुरक्षित हैं।

उन्होंने कहा, 'बंगाल अपनी संस्कृति और धरोहर के लिए जाना जाता है। लेकिन जब मैं आज यहां पहुंची तो मुझे सिर्फ इस बारे में बताया गया कि कल रात से कितने बम मिले हैं। मैं हैरान थी। उस घटना को भी ज्यादा दिन नहीं बीते हैं, जब मालदा में ही एक थाने को आग लगा दी गई थी। यह जिला जाली नोट और अफीम की खेती के लिए भी बदनाम है।'

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें