फोटो गैलरी

Hindi Newsब्रासा ने वीडियो रेफरल पर उठाया सवाल

ब्रासा ने वीडियो रेफरल पर उठाया सवाल

भारतीय हॉकी टीम के कोच जोस ब्रासा ने सोमवार को भारत और दक्षिण अफ्रीकी टीम के बीच खेले गए मैच में वीडियो रेफरल के प्रयोग पर सवाल उठाया है। विश्व कप में पूल बी के अंतिम मुकाबले में भारत और दक्षिण...

ब्रासा ने वीडियो रेफरल पर उठाया सवाल
एजेंसीTue, 09 Mar 2010 02:30 PM
ऐप पर पढ़ें

भारतीय हॉकी टीम के कोच जोस ब्रासा ने सोमवार को भारत और दक्षिण अफ्रीकी टीम के बीच खेले गए मैच में वीडियो रेफरल के प्रयोग पर सवाल उठाया है। विश्व कप में पूल बी के अंतिम मुकाबले में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें भिड़ीं थी। यह मैच 3-3 अंकों की बराबरी पर खत्म हुआ।

मैच के दौरान 45वें मिनट में जब दोनों टीमें 2-2 गोल की बराबरी पर थी, उस समय भारतीय खिलाड़ी सरवनजीत सिंह ने गोल दाग दिया, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने अपील की कि इससे पहले भारतीय डी में विक्रम पिल्ले के हाथ में गेंद लगी थी। इसके बाद वीडियो रेफरल के आधार पर भारतीय गोल को अमान्य करार देकर दक्षिण अफ्रीका को पेनेल्टी कॉर्नर दिया गया था।

ब्रासा ने कहा, ''नियम सामान्य है। अगर आप वीडियो रेफरल चाहते हैं तो आप तुरंत मांग करें न कि दूसरे हाफ में जाने और गोल होने के बाद इसकी मांग करें। इसमें संदेह नहीं है कि विक्रम के हाथ में गेंद लगी थी लेकिन दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों का भी खेल खतरनाक था। वीडियो रेफरल का काफी देर बाद प्रयोग किया गया था।''

वीडियो रेफरल प्रणाली में कई खामियां: दक्षिण अफ्रीकी कप्तान
दक्षिण अफ्रीकी हॉकी टीम के कप्तान अस्टिन स्मिथ का कहना है कि हॉकी विश्व कप के दौरान आजमाई जा रही नई वीडियो रेफरल प्रणाली में कई खामियां हैं।

स्मिथ के इस बयान के बाद अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) द्वारा आजमाई जा रही रेफरल प्रणाली विवादों के घेर में आ गई है। वैसे इस प्रणाली के कारण दक्षिण अफ्रीकी टीम को सोमवार को भारत के खिलाफ फायदा ही हुआ। 45वें मिनट में भारत द्वारा किए गए गोल को हॉलैंड के अंपायर रुएल वान इर्ट और स्कॉटलैंड के गेड कुरैन ने निकाल दिया था।

स्मिथ ने कहा, ''रेफरल प्रणाली में कई खामियां हैं। इन खामियों को ठीक करने के बाद ही इसे आगे आजमाया जाना चाहिए। इसके तहत इस बात का भी फैसला होना चाहिए कि एक टीम द्वारा रेफरल की मांग किए जाने के बाद खेल कितने वक्त तक जारी रहना चाहिए।''

स्मिथ ने कहा कि भारत के खिलाफ उनकी टीम ने अच्छा खेल दिखाया और वह अंक बांटकर खुश है।

बकौल स्मिथ, ''पहले हाफ में हमने अच्छा खेल दिखाया। दूसरे हाफ के उतरार्ध में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया। हम अंक बांटकर खुश हैं। वैसे यह मैच हमारे लिए भाग्यशाली रहा।''

मौजूदा रेफरल प्रणाली का कई लोगों ने विरोध किया है। इनमें भारतीय कोच ब्रासा और ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोच रिक चाल्सवर्थ भी शामिल हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें