फोटो गैलरी

Hindi Newsनवंबर: दीवाली मनने के बाद व्हाइट हाउस में गूंजी गुरुबाणी

नवंबर: दीवाली मनने के बाद व्हाइट हाउस में गूंजी गुरुबाणी

अक्टूबर के महीने में व्हाइट हाउस में पहली बार दीवाली मनाए जाने के बाद नवंबर में यहां गुरुनानक देव जी का प्रकसोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। अमृतसर के स्वर्ण मंदिर से आमंत्रित पाठियों ने गुरुबाणी का...

नवंबर: दीवाली मनने के बाद व्हाइट हाउस में गूंजी गुरुबाणी
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 28 Dec 2009 07:26 PM
ऐप पर पढ़ें

अक्टूबर के महीने में व्हाइट हाउस में पहली बार दीवाली मनाए जाने के बाद नवंबर में यहां गुरुनानक देव जी का प्रकसोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। अमृतसर के स्वर्ण मंदिर से आमंत्रित पाठियों ने गुरुबाणी का पाठ किया और हर तरफ एक ओंकार के स्वर गूंज उठे। नवंबर माह की अन्य महत्वपूर्ण अन्तरराष्ट्रीय घटनाएं इस प्रकार रहीं-

यरूशलम, 1 नवंबर: एक जबरदस्त उलटफेर करते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने अधिकृत पश्चिमी तट पर बस्तियों के निर्माण को लेकर कर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की अप्रत्याशित तरीके से तारीफ की।

बीजिंग, 3 नवंबर: चीन ने तिब्बत के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा पर भारत-चीन संबंधों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया और उनकी अरूणाचल प्रदेश की प्रस्तावित यात्रा को अलगाववादी कदम बताया।

काठमांडु, 3 नवंबर: लंबे समय तक इंकार करने के बाद नेपाल के माओवादियों ने कहा कि वे भारत में नक्सलियों को पूरा समर्थन और सहयोग दे रहे हैं।

वाशिंगटन, 4 नवंबर: संघीय अभियोजकों ने कहा कि संदिग्ध आतंकवादी डेविड कोलमन हेडली और तहव्वुर हुसैन राणा ने लश्कर-ए-तैयबा की ओर से भारत में कई स्थानों पर हमले की योजना बनाई थी, जिसमें नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित नेशनल डिफेन्स कॉलेज भी था।
   
ह्यूस्टन, 6 नवंबर: अमेरिकी सेना के एक मनोचिकित्सक ने अमेरिकी सेना के सबसे बड़े ठिकाने में अंधाधुंध गोलीबारी की, जिससे 10 सैनिकों सहित 13 लोग मारे गए और 30 घायल हो गए।

इस्लामाबाद, 8 नवंबर: पेशावर में आत्मघाती हमले में एक मेयर सहित 11 मरे और 36 घायल हो गए।

वाशिंगटन, 9 नवंबर: पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने अफगानिस्तान पर भारतीय खुफिया एजेंसियों के प्रभाव में होने का आरोप लगाया और कहा कि इस बारे में उनके पास दस्तावेजी प्रमाण हैं।

काठमांडु, 12 नवंबर: नेपाल के माओवादियों ने सरकार के सचिवालय के सामने धरना दे कर सीपीएन- यूएमएल का शासन खत्म करने की मांग की।

वाशिंगटन, 14 नवंबर: अमेरिकी अभियोजनकर्ताओं ने लश्कर के संदिग्ध तहव्वुर राणा के खिलाफ अभियोग तय करने के लिए 58 दिन की अवधि और मांगी और कहा कि एफबीआई को हालिया छापों में मिले नए सबूतों की जांच करनी है।

कोलंबो, 15 नवंबर: लिट्टे पर जीत के बाद तमिलों के मुद्दे के राजनीतिक समाधान की मांग करते हुए भारत ने श्रीलंका से विस्थापितों के शीघ्र पुनर्वास के लिए कहा।
   
वाशिंगटन, 16 नवंबर: व्हाइट हाउस में पहली बार गुरुपर्व मनाया गया।
   
बीजिंग, 17 नवंबर: संतुलन बनाते हुए राष्ट्रपति बराक ओबामा ने चीन और दलाई लामा के प्रतिनिधियों के बीच शीर्घ वार्ता बहाली का समर्थन किया। उन्होंने तिब्बत को चीन का अभिन्न अंग बताया।
   
ढाका, 18 नवंबर: बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान की हत्या के 34 साल बाद देश की सुप्रीम कोर्ट ने पांच हत्यारों की फांसी की सजा बरकरार रखी।

वाशिंगटन, 20 नवंबर: प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि खुफिया रिपोर्ट से पता चला है कि पाक स्थित उग्रवादी भारत में 26 नवंबर जैसे हमले का षड़यंत्र रच रहे हैं।   

टोरंटो, 21 नवंबर: कनाडा ने भारतीय कारोबारियों के लिए नई और उदार कारोबारी वीजा व्यवस्था की शुरुआत करने की घोषणा की है। कनाडा ने यह पहल अन्य औद्योगिक देशों की तरह भारत के साथ व्यापार बढ़ाने के इरादे से की है।

काठमांडु, 23 नवंबर: शीर्ष माओवादी नेता ने नेपाल की लोकतांत्रिक प्रकिया में भारत की भूमिका यह कहते हुए रेखांकित की कि नई दिल्ली से अच्छे संबंधों के बिना शांति और लोकतंत्र की स्थापना करना मुश्किल होगा।

लाहौर, 24 नवंबर: लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर जकीउर रहमान लखवी के वकीलों ने पाकिस्तान की एक आतंकवाद निरोधक अदालत से मुंबई हमलों के एकमात्र जीवित आतंकवादी अजमल आमिर कसाब के बयान को खारिज करने के लिए कहा और दलील दी कि यह बयान पाकिस्तानी कानूनों के तहत अस्वीकार्य है।

इस्लामाबाद, 25 नवंबर: पाकिस्तान की आतंकवाद निरोधक अदालत ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर जकीउर रहमान लखवी सहित सात संदिग्धों पर मुंबई हमलों का षड़यंत्र करने और हमलों को अंजाम देने के आरोप में अभियोग लगाए।
   
लंदन/पोर्ट ऑफ स्पेन, 25 नवंबर: राष्ट्रमंडल सम्मेलन शुरू। इसके अध्यक्ष कमलेश शर्मा ने चेतावनी दी कि जलवायु परिवर्तन के कारण गंभीर खतरा आसन्न है और धरती को बचाने के लिए विकसित तथा विकासशील देशों को जिम्मेदारी लेनी होगी।
   
मास्को, 28 नवंबर: मास्को से सेंट पीट्सबर्ग जा रही एक ट्रेन कथित आतंकवादी हमले के कारण पटरी से उतर कई, जिससे 26 लोग मारे गए और 95 घायल हो गए।
   
पोर्ट ऑफ स्पेन, 29 नवंबर: लंबी बातचीत के बाद भारत और कनाडा ने असैन्य परमाणु सहयोग के लिए एक ऐतिहासिक करार किया, जिससे 34 साल के अंतराल के बाद कनाडाई परमाणु प्रौद्योगिकी, उपकरण और यूरेनियम की नई दिल्ली के लिए आपूर्ति की राह बनी।
   
लंदन, 30 नवंबर: पाकिस्तान के गृहमंत्री रहमान मलिक ने कहा कि अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान में नहीं है और अगर कोई उसके बारे में जानकारी देता है तो पाकिस्तान कार्रवाई करेगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें