बिहार में नक्सलियों ने 2 की हत्या की
बिहार के गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात संदिग्ध नक्सलियों ने एक गांव पर हमला कर दो लोगों की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के लगभग 50-60 नक्सलियों...
बिहार के गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात संदिग्ध नक्सलियों ने एक गांव पर हमला कर दो लोगों की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के लगभग 50-60 नक्सलियों ने मंगलवार रात नौडीहा गांव में हमला किया और मनोज यादव के घर में बैठे लोगों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में मनोज यादव (24 वर्ष) तथा चंदर चौधरी (58 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि नक्सली अपने एक पूर्व साथी दयानंद यादव को खोज रहे थे। दयानंद अब संगठन छोड़ चुका है। घटना के बाद नक्सली गांव से सटे जंगल के रास्ते फरार हो गए।
गया के पुलिस अधीक्षक सुशील खोपड़े ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से दोनों शवों को बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले की एक प्राथमिकी अतरी थाने में दर्ज करा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।