पुलिस लाठीचार्ज में 10 कांग्रेस कार्यकर्ता घायल
भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध करने के दौरान विधानसभा के मार्ग पर लगे अवरोधकों को तोड़ने का प्रयास कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा लाठियां चलाने के कारण करीब दस पार्टी कार्यकर्ता घायल...
भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध करने के दौरान विधानसभा के मार्ग पर लगे अवरोधकों को तोड़ने का प्रयास कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा लाठियां चलाने के कारण करीब दस पार्टी कार्यकर्ता घायल हो गए।
बहरहाल, पुलिस अधीक्षक (शहर) जगतराम जोशी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज से इंकार किया और कहा कि अवरोधक तोड़ते समय पुलिस से उलझ जाने के कारण एक व्यक्ति घायल हो गया।
उत्तराखंड के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल आर्य और विपक्ष के नेता हरक सिंह रावत के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी पार्क में जमा हो गए तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में शीतकालीन सत्र के पहले दिन विधानसभा का घेराव करने के लिए आगे बढ़ने लगे।
पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आर्य ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी है, राज्य की वित्तीय स्थिति कमजोर हुई है तथा विकास का काम थमा है। उन्होंने कहा कि राज्य के लिए सरकार से जवाब चाहते हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ता जब विधानसभा के पास पहुंचे तो पुलिस ने उनसे रूकने को कहा। लेकिन वे अवरोधकों पर चढ़ गए और उसे तोड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने मामूली लाठीचार्ज किया।