महँगाई के खिलाफ सयुस की पदयात्रा 15 को
महँगाई रोकने में केन्द्र व राज्य सरकार की नाकामी के खिलाफ समाजवादी युवजन सभा (सयुस) की यूपी इकाई 15 दिसम्बर को यूपी के सभी जिलों में जनजागरण अभियान चलाएगी। इसके तहत सयुस की ओर से पदयात्रा का आयोजन...
महँगाई रोकने में केन्द्र व राज्य सरकार की नाकामी के खिलाफ समाजवादी युवजन सभा (सयुस) की यूपी इकाई 15 दिसम्बर को यूपी के सभी जिलों में जनजागरण अभियान चलाएगी। इसके तहत सयुस की ओर से पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों और नवनियुक्त जिला व नगर अध्यक्षों की गुरुवार को यहँ हुई बैठक में यह फैसला लिया गया।
बैठक को सम्बोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल राजभर ने कहा कि सपा के नौजवान विरोधी दलों के दुष्प्रचार का जवाब सांगठनिक मजबूती के जरिए देंगे। इसके लिए राष्ट्रीय व राज्य नेतृत्व से मंजूरी लेकर प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएँगे।
बैठक में मौजूद लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव रजनीश यादव ने कहा कि समाजवादी नौजवान अब सम्पत्ति व संतति की फिक्र छोड़ जनविरोधी केन्द्र व राज्य सरकार से मुक्ति दिलाने का संघर्ष करेंगे।
बैठक में सयुस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य धर्मेन्द्र सिंह, समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह यादव, सयुस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश प्रताप राव, राकेश सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।