फोटो गैलरी

Hindi Newsअगले साल अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर होगी 7 प्रतिशतः राष्ट्रपति

अगले साल अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर होगी 7 प्रतिशतः राष्ट्रपति

राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने कहा है कि अगले साल देश की अर्थव्यवस्था सात प्रतिशत की वृद्धि दर हासिल कर सकेगी। शनिवार को नई दिल्ली में 29वें भारत-अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ-2009) का...

अगले साल अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर होगी 7 प्रतिशतः राष्ट्रपति
एजेंसीSat, 14 Nov 2009 01:55 PM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने कहा है कि अगले साल देश की अर्थव्यवस्था सात प्रतिशत की वृद्धि दर हासिल कर सकेगी। शनिवार को नई दिल्ली में 29वें भारत-अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ-2009) का उद्घाटन करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, वैश्विक वित्तीय संकट के दौर में भी भारतीय अर्थव्यवस्था की वद्धि दर 6.5 प्रतिशत रही है। इससे हमारी अर्थव्यवस्था की मजबूती तथा संकट से निपटने की क्षमता का पता चलता है।

उन्होंने कहा कि हमारे मजबूत घरेलू बाजार, गतिशील मध्यवर्गीय आबादी तथा उंची विकास दर सभी इस बात का संकेत हैं कि दुनिया में भारत का आर्थिक प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद और सेवाएं उचित कीमत पर आपूर्ति की क्षमता है।

पाटिल ने कहा कि भारत में कई आर्थिक फायदे हैं जिनका दुनिया भारत के साथ जुड़कर लाभ ले सकती है। उन्होंने बताया कि देश के बुनियादी ढांचा क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए तेजी से काम हो रहा है। अगले पांच साल में भारत के बुनियादी ढांचा क्षेत्र में 550 अरब डॉलर के निवेश के अवसर हैं।

इस साल व्यापार मेले में विभिन्न देशों तथा देश भर के 7,000 से ज्यादा प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। मेले के दौरान इस बार 25 लाख लोगों के आने की संभावना है। पाटिल ने कहा कि मेले के दौरान प्रदर्शित उत्पाद, सेवाएं तथा टेक्नोलाजी कृषि, उद्योग, तकनीक तथा सेवा क्षेत्र में भारत की प्रगति और क्षमताओं का विश्वसनीय प्रमाण है।

राष्ट्रपति ने कहा कि व्यापार मेला देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिवस के मौके पर शुरू हो रहा है। भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) ने इस बार भारत की अंतरिक्ष टेक्नोलाजी की यात्रा को दिखाने के लिए नेहरू पवेलियन में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया है। पाटिल ने कहा कि भारत ने चंद्रमा पर मानवरहित अंतरिक्ष यान चंद्रयान एक भेजा था। हमें उम्मीद है कि भविष्य में हम मानव के साथ अंतरिक्ष यान को चंद्रमा पर भेजने में सफल होंगे।

उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी के जरिये देश के युवाओं को विज्ञान एवं तकनीकी के क्षेत्र में अध्ययन और अनुसंधान के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने व्यापार मेले को एक छोटे भारत की संज्ञा देते हुए कहा कि यहां सभी राज्य और संघ शासित प्रदेश आकर्षक पवेलियनों में अपने उत्पादों तथा प्रगति का झरोखा दिखाएंगे।

इस मौके पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा, दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' तथा आईटीपीओ के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सुभाष चंद्र पाणि भी मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें