फोटो गैलरी

Hindi Newsविनोद-संजय का गिरफ्तारी वारंट जारी

विनोद-संजय का गिरफ्तारी वारंट जारी

कोड़ा महाघोटाला के मास्टरमाइंड विनोद सिन्हा और संजय चौधरी के खिलाफ आयकर विभाग ने बुधवार को गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। दोनों आरोपियों पर कड़ी नजर रखने के साथ-साथ देश के सभी हवाई-अड्डों पर भी सख्त...

विनोद-संजय का गिरफ्तारी वारंट जारी
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 13 Nov 2009 08:44 PM
ऐप पर पढ़ें

कोड़ा महाघोटाला के मास्टरमाइंड विनोद सिन्हा और संजय चौधरी के खिलाफ आयकर विभाग ने बुधवार को गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। दोनों आरोपियों पर कड़ी नजर रखने के साथ-साथ देश के सभी हवाई-अड्डों पर भी सख्त निगरानी की व्यवस्था की गई है।


सहायक आयकर निदेशक (जांच) प्रशांत रंजन ने जमशेदपुर की मानगो थाना पुलिस को भेजे वारंट में कहा है कि 23 नवंबर तक दोनों फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अपर आयकर निदेशक, रांची के कार्यालय में हाजिर करें। निर्धारित तिथि तक इसका तामिला नहीं होने पर उसका स्पष्ट कारण बताएं। इसी आशय का पत्र सीआइडी के अपर पुलिस महानिदेशक और जमशेदपुर के एसपी को भी भेजा गया है। सीआइडी से अनुरोध किया गया है कि वारंट देश के सभी हिस्सों में भेजा जाए, ताकि विनोद सिन्हा और संजय चौधरी जहां भी छिपे हों, उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

अखिलेश कुमार सिन्हा के पुत्र विनोद सिन्हा का आशियाना सन सिटी मानगो में फ्लैट संख्या डी-347 है। विजय नारायण चौधरी के पुत्र संजय चौधरी डिमना रोड, हरिहरनाथ कॉलोनी के जय निवास में रहते हैं। सूत्रों का कहना है कि आयकर विभाग द्वारा सामान्य परिस्थिति में वारंट जारी नहीं किया जाता है। विनोद और संजय को दोबारा सम्मन जारी किया गया था, लेकिन दोनों अब तक उपस्थित नहीं हुए हैं।

सम्मन की अवधि समाप्त होने पर आयकर विभाग ने सख्त रवैया अपनाया है। विनोद-संजय के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पूर्व में ही रेड कार्नर नोटिस जारी किया गया था। दोनों कहीं देश छोड़कर भाग नहीं जाएं, इसके लिए सभी हवाई अड्डों को भी सतर्क कर दिया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें