अफगानिस्तानः सैन्य काफिले पर आत्मघाती हमला, 19 घायल
तालिबान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के निकट अंतरराष्ट्रीय सेना के एक काफिले पर आत्मघाती हमला कर नाटो के नौ सेवा सदस्यों सहित 19 लोगों को घायल कर दिया। तालिबान प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने एक...
तालिबान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के निकट अंतरराष्ट्रीय सेना के एक काफिले पर आत्मघाती हमला कर नाटो के नौ सेवा सदस्यों सहित 19 लोगों को घायल कर दिया।
तालिबान प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने एक संदेश में कहा है कि यह विस्फोट तालिबान आत्मघाती ने किया था और उसका निशाना अंतरराष्ट्रीय सेना का काफिला था।
नाटो ने कहा कि आत्मघाती विस्फोट जलालाबाद मार्ग पर हुआ जिसे अंतरराष्ट्रीय बलों द्वारा व्यापक तौर पर इस्तेमाल किया जाता है और यहां अक्सर हमले होते हैं। अगस्त में नाटो काफिले पर तालिबान आत्मघाती हमले में कम से कम आठ लोग मारे गये थे।
नाटो ने कहा कि शुक्रवार को हुए हमले में नाटो के नौ सेवा सदस्य और 10 असैन्य ठेकेदार घायल हो गये। गृह मंत्रालय ने कहा है कि हमले में पांच नागरिक घायल हुए हैं।
नाटो के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल टॉड विसियन ने कहा कि यह विस्फोट आतंकवादियों द्वारा किया गया एक और हमला है जिसमें अफगानिस्तान और इस देश में बेहतर विकास, प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के लिए अफगान सुरक्षाकर्मियों की सहायता कर रहे हमारे लोग घायल हो गये।