फोटो गैलरी

Hindi Newsदबाव के आगे झुका मनु शर्मा तिहाड़ लौटा

दबाव के आगे झुका मनु शर्मा तिहाड़ लौटा

जेसिका लाल हत्याकांड का दोषी मनु शर्मा अपनी पैरोल की समय सीमा खत्म होने के पूर्व मंगलवार को खुद ही तिहाड़ जेल लौट आया। पैरोल के नियम तोड़े जाने की बात पर शर्मा हर तरफ से आलोचना का शिकार हो रहा था।...

दबाव के आगे झुका मनु शर्मा तिहाड़ लौटा
एजेंसीTue, 10 Nov 2009 09:06 PM
ऐप पर पढ़ें

जेसिका लाल हत्याकांड का दोषी मनु शर्मा अपनी पैरोल की समय सीमा खत्म होने के पूर्व मंगलवार को खुद ही तिहाड़ जेल लौट आया। पैरोल के नियम तोड़े जाने की बात पर शर्मा हर तरफ से आलोचना का शिकार हो रहा था। आलोचनाओं के बाद दिल्ली सरकार ने भी आरोपों की जांच के लिए पुलिस को आदेश दे दिए हैं।

जेल के एक उच्चस्तरीय अधिकारी ने बताया कि 32 वर्षीय मनु शर्मा मंगलवार की सुबह लगभग 11:45 पर वापस जेल आ गया। मनु की दो महीने की पैरोल अवधि 22 नवंबर को खत्म हो रही थी। सितंबर माह की 22 तारीख को अपनी मां की बीमारी के आधार पर पैरोल पर छूटे शर्मा के शनिवार की रात को एक नाइटक्लब में देखे जाने की खबरें आई थीं। उसकी मां को भी पिछले सप्ताह चंडीगढ़ में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए देखा गया था।

शहर के एक होटल के बार के सहमालिक और अभिनेता अर्जुन रामपाल ने भी शर्मा को वहां देखने की पुष्टि की थी। इन खबरों से भारी विवाद पैदा हो गया था। कानून के विशेषज्ञों और विपक्षी भाजपा ने आरोप लगाया था कि शर्मा को दिल्ली सरकार के राजनीतिक दबाव के कारण पैरोल पर छोड़ा गया है। इस आरोप को मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने खारिज करते हुए कहा था कि उसे नियमानुसार पैरोल पर छोड़ा गया है।

आलोचनाओं के बाद दिल्ली सरकार ने शहर की पुलिस को इस मामले में जांच करने के आदेश दे दिए हैं। पुलिस जांच करेगी कि क्या शर्मा ने चंडीगढ़ से बाहर जाकर पैरोल नियमों का उल्लंघन किया है। दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि शर्मा को दिल्ली में नहीं होना चाहिए क्योंकि उसे इस शर्त पर पैरोल दी गई थी कि वह अपनी बीमार माँ से मिलने के लिए चंडीगढ़ जा रहा है।  उन्होंने कहा हमने दिल्ली पुलिस से एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है कि क्या शर्मा दिल्ली गया था?

इधर, बॉलीवुड अभिनेता अजरुन रामपाल ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि कर दी कि पैरोल पर रिहा होने के बाद मनु शर्मा शुक्रवार देर रात उनके ‘लैप बार’ में था। दिल्ली सरकार ने इस घटना पर पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। रामपाल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि ‘सीसीटीवी की फुटेज में शर्मा बार के एक सदस्य साहिल ढींगरा के साथ वहां दिख रहा है।’ सीसीटीवी की फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। रामपाल ने कहा कि बार के सदस्य ढींगरा की सदस्यता रद कर दी गई है।

रामपाल का ‘लैप बार’ चाणक्यपुरी इलाके में स्थित होटल सम्राट में है। ढींगरा के खिलाफ शिकायत मिलने पर यहां पुलिस पहुंची थी। बाद में पुलिस ने ढींगरा को हिरासत में ले लिया था, जबकि शर्मा पिछले दरवाजे से निकलने में कामयाब रहा। ऐसा कहा जा रहा है कि अशोक होटल के ‘एफ’ बार में ढींगरा का एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के बेटे के साथ झगड़ा हुआ था, इसी के बाद वह और शर्मा लैप बार में गए। बाद में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें जेसीटी कंपनी के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक समीर थापर शामिल थे। थापर को लगभग आठ घंटे तक पुलिस हिरासत में रखा गया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें