फोटो गैलरी

Hindi Newsराज बब्बर ने सपा से छीनी फिरोजाबाद सीट

राज बब्बर ने सपा से छीनी फिरोजाबाद सीट

फिरोजाबाद की प्रतिष्ठापूर्ण लड़ाई कांग्रेस प्रत्याशी राज बब्बर ने जीत ली है। उन्होंने समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी एवं मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू डिंपल यादव को 85343 मतों से हराया। कांग्रेस ने यह...

राज बब्बर ने सपा से छीनी फिरोजाबाद सीट
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 10 Nov 2009 06:25 PM
ऐप पर पढ़ें

फिरोजाबाद की प्रतिष्ठापूर्ण लड़ाई कांग्रेस प्रत्याशी राज बब्बर ने जीत ली है। उन्होंने समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी एवं मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू डिंपल यादव को 85343 मतों से हराया। कांग्रेस ने यह सीट सपा से छीन ली है। सपा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई थी।

बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी प्रो. एसपी सिंह बघेल तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह की जमानत जब्त हो गई। पुख्ता बंदोबस्त के बीच मंगलवार सुबह आठ बजे शिकोहाबाद मंडी समिति परिसर में मतों की गिनती शुरू हुई। कांग्रेस प्रत्याशी ने शुरू से ही बढ़त बना ली थी। राजनीतिक विश्लेषकों की इस सीट पर निगाहें लगी थीं। पूरे देश में यह लोकसभा सीट का एकमात्र उपचुनाव था।

जैसे-जैसे राज बब्बर को बढ़त मिलती गई, उनके समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। समर्थकों को शांत करने के लिए मतगणना स्थल पर पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शाम को जिला निर्वाचन अधिकारी एनजी रविकुमार ने श्री बब्बर को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। यह सीट मुलायम सिंह की प्रतिष्ठा से जुड़ी थी। डिंपल की हार से समाजवादियों के इस गढ़ में सेंध लगी है। पिछले तीन चुनाव से यह सीट सपा के ही पास थी।
किसको कितने मत मिले

राज बब्बर (कांग्रेस)-312728
डिंपल यादव (सपा)-227385
एसपी सिंह बघेल (बसपा)-213571
जीत का अंतर-85343

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें