मुंबई पर हुए आतंकवादी हमलों के एक वर्ष बाद आरआर पाटिल को दोबारा महाराष्ट्र का गृहमंत्री बनाया गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता आरआर पाटिल ने मुंबई हमलों के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। बहरहाल उन्हें अपना विभाग वापस मिल गया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार के भतीजे अजीत पवार ऊर्जा विभाग देखेंगे। जल संसाधन मंत्रालय पहले से उनके पास है। अब वह इन दोनों विभागों के प्रमुख होंगे। पूर्व सरकार में ऊर्जा मंत्री रहे सुनील तातकारे राज्य के नए वित्त मंत्री होंगे।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता और निवर्तमान सरकार में गृहमंत्री जयंत पाटिल अब ग्रामीण विकास मंत्रालय की कमान संभालेंगे।
उप मुख्यमंत्री छगन भुजबल अपने मौजूदा लोक निर्माण विभाग को देखते रहेंगे। जयदत्त शीलसागर सार्वजनिक उद्यम विभाग संभालेंगे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नारायण राणे महाराष्ट्र के नए राजस्व मंत्री होंगे। राणे के पास इससे पहले उद्योग मंत्रालय था। उद्योग मंत्रालय की कमान अब राजेंद्र दर्डा संभालेंगे।
सूत्रों ने बताया कि पतंगराव कदम को वनमंत्री बनाया गया है। इससे पहले उनके पास राजस्व विभाग था।
कांग्रेस के हर्षवर्धन पाटिल सहकारी, विपणण और संसदीय मामलों के विभाग अपने पास बरकरार रखने में कामयाब हुए।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अनिल देशमुख खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री बनाए गए हैं। लक्ष्मण धोबले को जलापूर्ति और राजेश तोपे को उच्च एवं तकनीकी शिक्षामंत्री बनाया गया है।
बालासाहब थोराट के पास कृषि विभाग बरकरार रहेगा। सुरेश शेट्टी को लोक स्वास्थ्य, शिवाजीराव मोघे को सामाजिक न्याय और सुभाष जनक को महिला एवं बाल कल्याण विभाग दिए गए हैं।