फोटो गैलरी

Hindi Newsफिरोजाबाद में 54.5 फीसदी मतदान

फिरोजाबाद में 54.5 फीसदी मतदान

फिरोजाबाद संसदीय सीट के लिए हुए उपचुनाव में लगभग 54.5 फीसदी मतदान हुआ। शिकोहाबाद विधान सभा क्षेत्र के गाँव प्रतापपुरा में चुनावी विवाद के चलते कांग्रेस व बसपा समर्थक भिड़ गए। गोली चलने से दलित महिला...

फिरोजाबाद में 54.5 फीसदी मतदान
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 07 Nov 2009 08:28 PM
ऐप पर पढ़ें

फिरोजाबाद संसदीय सीट के लिए हुए उपचुनाव में लगभग 54.5 फीसदी मतदान हुआ। शिकोहाबाद विधान सभा क्षेत्र के गाँव प्रतापपुरा में चुनावी विवाद के चलते कांग्रेस व बसपा समर्थक भिड़ गए। गोली चलने से दलित महिला घायल हो गई। दो स्थानों पर मतदान अधिकारियों से हाथापाई की गई। सुबह कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबियों के चलते मतदान कार्य प्रभावित रहा।

पाँचों विधान सभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। शुरू में मतदान धीमा रहा। दस बजे तक लोकसभा क्षेत्र में 14 फीसदी मतदान हुआ था। प्रतापपुरा गाँव में जबरन वोट डलवाने को लेकर कांग्रेस व बसपा समर्थकों में संघर्ष हो गया। घर में घुसकर ग्राम प्रधान यशपाल पर गोली चलाई गई। गोली वहाँ मौजूद महिला उर्मिला देवी को लगी। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया। गाँव में फायरिंग के चलते मतदान केंद्र पर आधे घण्ट तक वोट नहीं पड़े। पुलिस कप्तान व अन्य अधिकारियों ने गाँव का दौराकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। तब जाकर फिर मतदान शुरू हुआ।

टूण्डला विधान सभा क्षेत्र के नगला पार क्षेत्र में बसपा प्रत्याशी द्वारा मतदान अधिकारी प्रथम शिवप्रकाश को चांटा मारे जाने की जानकारी मिली है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। झपारा मतदान केंद्र पर ग्राम प्रधान के पुत्र राहुल यादव उर्फ भोला ने मतदान अधिकारी कालका प्रसाद से हाथापाई की। टूण्डला के ठाकुर वीरी सिंह इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर लोगों ने शिकायत की कि सुरक्षाकर्मी मतदान में दिक्कत पैदा कर रहे हैं।

इस पर कांग्रेस प्रत्याशी राज बब्बर मौके पर पहुंचे। उन्होंने यहां मतदाताओं और सुरक्षा कर्मियों से बातचीत कर मतदान सुचारू कराया। शिकोहाबाद के हरिया नसीरपुर मतदान केंद्र पर बीमारी के चलते एक मतदान अधिकारी बेहोश हो गया।

जसराना विधान सभा क्षेत्र में अपने ही गाँव में डय़ूटी करते पाए जाने पर एक मतदान कर्मी को उपजिलाधिकारी ने पुलिस के हवाले किया। मतदाताओं ने चुनाव आयोग के विकल्प पत्रों पर मतदान न कराए जाने की शिकायतें की हैं। उपचुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ा है। इसी साल हुए आम चुनाव में लोकसभा क्षेत्र में 47.6 फीसदी वोटरों ने वोट डाला था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें