फोटो गैलरी

Hindi Newsहरियाणा में मंत्रिमंडल विस्तार शुक्रवार को

हरियाणा में मंत्रिमंडल विस्तार शुक्रवार को

हरियाणा में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा छह नवम्बर को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया मंत्रिमंडल के नए सदस्यों को अपराह्न् राजभवन में...

हरियाणा में मंत्रिमंडल विस्तार शुक्रवार को
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 05 Nov 2009 01:21 AM
ऐप पर पढ़ें


हरियाणा में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा छह नवम्बर को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया मंत्रिमंडल के नए सदस्यों को अपराह्न् राजभवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। बता दें कि हरियाणा राज्य विधानसभा चुनाव 13 अक्टूबर को हुए चुनावों में कांग्रेस 40 सीटें लेकर सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में उभरी थी लेकिन वह सरकार गठन के लिए साधारण बहुमत के आंकड़े से छह सीटें पीछे रह गई थी।

गत 22 अक्टूबर को मतगणना के तत्काल बाद सभी सात निर्दलीय विधायकों ने कांग्रेस को समर्थन देने का लिखित रूप से ऐलान कर दिया था। इससे राज्य में साधारण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया था। चौबीस नवंबर को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष फूल चंद मुलाना ने निर्दलीयों के समर्थन पत्र के साथ राज्यपाल से मिल कर सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए उनसे पार्टी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का आग्रह किया था।

हुड्डा के फिर से कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था। तदोपरांत हुड्डा ने 25 अक्टूबर को अपराहन राजभवन में लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी।

राज्य में 1972 के बाद किसी राजनीतिक दल की यह लगातार दूसरी बार सरकार बनी थी। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद राज्यपाल ने उन्हें सदन में विश्वास मत हासिल करने के लिए एक हफ्ते का समय दिया था लेकिन आत्म विश्वास से लवरेज श्री हुड्डा ने 28 अक्टूबर को ही राज्य विधानसभा का सत्र बुला कर सदन में बहुमत साबित कर दिया। 

विश्वास मत प्रक्रिया के दौरान विधानसभा चुनावों में छह सीटें लेने वाली हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बिश्नोई और पार्टी के पांच अन्य विधायक सदन से अनुपस्थित रहे थे जिससे कांग्रेस आसानी से बहुमत साबित करने में सफल रही।  अब देखना यह है कि विधानसभा चुनावों में वित्त मंत्री बीरेंद्र सिंह .स्थानीय निकाय मंत्री ए.सी. चौधरी .उद्योग मंत्री लछमन दास अरोडा तथा शिक्षा और परिवहन मंत्री मांगेराम गुप्ता जैसे दिग्गजों के हार जाने के बाद हुड्डा मंत्रिमंडल में कौन से नए चेहरों को जगह मिलेगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें