फोटो गैलरी

Hindi Newsभ्रष्टाचार और अपहरण मामलों में त्वरित जांच हो: नीतिश

भ्रष्टाचार और अपहरण मामलों में त्वरित जांच हो: नीतिश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में भ्रष्टचार, नरसंहार और फिरौती के लिए अपहरण के मामलों की त्वरित जांच पर जोर दिया है। कुमार ने शीर्ष पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय...

भ्रष्टाचार और अपहरण मामलों में त्वरित जांच हो: नीतिश
एजेंसीSun, 11 Oct 2009 01:00 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में भ्रष्टचार, नरसंहार और फिरौती के लिए अपहरण के मामलों की त्वरित जांच पर जोर दिया है।

कुमार ने शीर्ष पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि मैं पुलिस से कठिन परिश्रम और परिणाम चाहता हूं। भ्रष्टाचार, अपहरण और नरसंहार जैसे अपराधों की जांच में तेजी आनी चाहिए।

भ्रष्टाचार को समाज का नासूर करार देते हुए कुमार ने पुलिसकर्मियों से आग्रह किया कि वे भ्रष्टाचार के मामलों से कड़ाई से निपटें और भ्रष्ट अधिकारियों को गिरफ्तार करें।

यह बैठक खगड़िया नरसंहार के मद्देनजर आयोजित की गई जिसमें एक अक्तूबर को खगड़िया जिले के अमोसी भारेन गांव में 16 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिहार पुलिस के आधुनिकीकरण के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने कहा कि मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि पुलिस के आधुनिकीकरण के लिए पर्याप्त धन मुहैया कराया जाएगा। इस बारे में धन की कमी आड़े नहीं आएगी।

कुमार ने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द, शांति और सदभाव की स्थिति बिगड़ने की नौबत न आए और इस ओर पुलिस को सतर्क रहना चाहिए।

बैठक में मुख्य सचिव अनूप मुखर्जी, पुलिस महानिदेशक आनंद शंकर, गृह सचिव अमीर सुभानी, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) नीलमणि और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें