फोटो गैलरी

Hindi Newsस्टेडियम में सो गए 'शेरा' की रफ्तार देखने आए फेनेल

स्टेडियम में सो गए 'शेरा' की रफ्तार देखने आए फेनेल

दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों पर करीबी नजर रखने वाले राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) के अध्यक्ष माइकल फेनेल गुरुवार को नई दिल्ली में स्टेडियम के निरीक्षण के दौरे पर निकले प्रतिनिधिमंडल के साथ...

स्टेडियम में सो गए 'शेरा' की रफ्तार देखने आए फेनेल
एजेंसीThu, 08 Oct 2009 04:48 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों पर करीबी नजर रखने वाले राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) के अध्यक्ष माइकल फेनेल गुरुवार को नई दिल्ली में स्टेडियम के निरीक्षण के दौरे पर निकले प्रतिनिधिमंडल के साथ खुद उंघते हुए नजर आये।

सीजीएफ महासभा की बैठक में भाग लेने के लिए मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे फेनेल की अगुआई में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को त्यागराज खेल परिसर और राष्ट्रमंडल खेल गांव का दौरा किया।

त्यागराज परिसर पर एक स्लाइड शो का इंतजाम किया गया था। इस शो के दौरान ही फेनेल और उनके कुछ साथियों को उंघते हुए देखा गया। शो की समाप्ति पर ही फेनेल नींद से जागे। गौरतलब है कि दिल्ली में अगले साल अक्टूबर में होने वाले इन खेलों के लिए यहां की जा रही तैयारियों को काफी धीमी बताते हुए फेनेल ने कहा था कि तैयारियों में तेजी लाना जरूरी है।

फेनेल ने बुधवार को खेल मंत्री एमएस गिल से मुलाकात की थी और इन खेलों की तैयारियों के बारे में अपनी राय व्यक्त की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलने की इच्छा जाहिर की थी ताकि इन खेलों के निमार्ण कार्य में तेजी लाई जा सके।

इस बीच भारतीय ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष और राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी का दावा है कि प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में चल रही इन खेलों की तैयारियों से अभी तक संतुष्ट है हालांकि एक प्रतिनिधि ने कहा कि वह तैयारियों से प्रभावित नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें और ज्यादा तैयारियों की उम्मीद थी। अभी और बहुत ज्यादा काम होना बाकी है।

कलमाडी का दावा इस प्रतिनिधि से अलग है कि उनका कहना है कि सीजीएफ प्रतिनिधिमंडल इन तैयारियों की प्रगति से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि इस समय प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्य तैयारियों से प्रसन्न है। वे यहां पर स्टेडियम का दौरा करने आये और मुझे लगता है कि वे सभी संतुष्ट हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें