फोटो गैलरी

Hindi Newsछह हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, 1100 कारतूस, पिस्टल और छह मोबाइल बरामद

छह हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, 1100 कारतूस, पिस्टल और छह मोबाइल बरामद

रांची पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। शनिवार की देर छह हार्डकोर नक्सली दबोचे गए। इनमें से पांच एक एंबेसडर पर सवार थे, जबकि एक अन्य मोटरसाइकिल पर था। इनके पास से पुलिस को 1100 जीवित...

छह हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, 1100 कारतूस,  पिस्टल और छह मोबाइल बरामद
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 23 Aug 2009 10:39 PM
ऐप पर पढ़ें

रांची पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। शनिवार की देर छह हार्डकोर नक्सली दबोचे गए। इनमें से पांच एक एंबेसडर पर सवार थे, जबकि एक अन्य मोटरसाइकिल पर था। इनके पास से पुलिस को 1100 जीवित कारतूस, पिस्टल, आधा दर्जन मोबाइल और अन्य सामान भी मिले हैं।  एसएसपी प्रवीण कुमार और ग्रामीण एसपी अनूप टी मैथ्यू ने बताया कि पुलिस को यह सूचना मिल रही थी कि कुंदन पाहन और किशोर मुंडा बाहर गए हुए हैं। ये दोनों नक्सली कमंडर हैं। भारी मात्र में हथियार, गोली-बारुद लेकर आने वाले हैं।

पिछले दो दिनों से रांची पुलिस अलग-अलग टीमों में बंटकर नक्सलियों की टोह ले रही थी। यह भी सूचना थी कि जसीडीह के रास्ते से ही हथियार बुंडू-तमाड़ इलाके में भेजे जा सकते हैं। एक टीम का नेतृत्व ग्रामीण एसपी खुद कर रहे थे। दूसरी टीम में डीएसपी मनोज सिंह थे। तीसरी टीम में डीएसपी आनंद तिग्गा और डीएसपी मुख्यालय थे।

शनिवार को अनगड़ा थाना क्षेत्र के सतागी गांव निवासी राजेश कुमार महतो को पकड़ा गया। वह मोटरसाइकिल से रेकी कर रहा था। उसी की निशानदेही पर पुलिस ने बोकारो-रामगढ़ और बोकारो-रांची मार्ग पर नाके लगा रखे थे।  गोला से सिल्ली जाने वाले रास्ते में रात साढ़े नौ बजे एक एंबेसडर कार (बीआर 38-2739) पर सवार कुछ व्यक्ति उधर से गुजरे। इशारा करने पर भी उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी। पुलिस ने पीछा किया। सिल्ली मोड़ के पास नक्सलियों ने गोली चलानी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी चार राउंड गोली चलाई। इसके बाद एंबेसडर सवार सभी लोगों ने आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस ने एंबेसडर के चालक मुरारी हसन के अलावा चौका निवासी नक्सली कमांडर बोलो साव उर्फ डेविड, बुंडू के प्रफुल्ल कुमार महतो, राजेश कुमार महतो और प्रदीप कुमार महतो को दबोच लिया। पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे हार्डकोर नक्सली हैं और कुंदन पाहन के दस्ते को हथियार पहुंचाने करने जा रहे थे।

इसके बाद पुलिस का छापा बुंडू में पड़ा, जहां से मंडल कसेरा दास को गिरफ्तार कर लिया गया। मंडल बोलो साव के लिए चार वर्षो से काम करता था। बोलो उर्फ डेविड कुंदन पाहन का दायां हाथ है। संवाददाता सम्मेलन में बुंडू के डीएसपी के अलावा टाटीसिलवे, अड़की, अनगड़ा, सिल्ली और मुरी के थानेदार भी मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें